कुछ घरों में पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते हैं, जिससे घर का माहौल तनावपूर्ण हो जाता है। कभी-कभी ये झगड़े इतने बढ़ जाते हैं कि पति-पत्नी के रिश्ते में दरार आ जाती है। मानवीय भूलों के साथ-साथ वास्तु दोष भी इसके पीछे एक कारण हो सकते हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार जिस घर में शांति होती है, उस घर में सुख-समृद्धि आती है। इसलिए घर में शांति बनाए रखना बहुत जरूरी है और अगर घर में कोई वास्तु दोष है तो उसे जल्द से जल्द ठीक करना बहुत जरूरी हो जाता है।
इस संबंध में इंदौर में रहने वाले ज्योतिषाचार्य और वास्तु सलाहकार पंडित कृष्णकांत शर्मा हमें वास्तु के कुछ टिप्स बता रहे हैं। इन्हें अपनाने से आपके घर में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहेगी।
-घर का मंदिर साफ रखें
वास्तु शास्त्र के अनुसार प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर में पूजा स्थल को साफ सुथरा रखना चाहिए। इसके अलावा घर के मंदिर में देवी-देवताओं की तस्वीरें या मूर्तियां आमने-सामने नहीं रखनी चाहिए। जिस घर में ऐसा होता है, उस घर के सदस्यों के बीच कभी सामंजस्य नहीं रहता। इसके अलावा घर में देवी-देवताओं की बहुत अधिक तस्वीरें नहीं लगानी चाहिए।
-पंचमुखी दीपक
मंगलवार को हनुमान जी की पूजा करते समय उनके सामने पंचमुखी दीपक जलाना चाहिए। ऐसा करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा फैलती है। इसके अलावा आप घर में अष्टगंध जला सकते हैं, इसकी खुशबू पूरे घर में फैलती है जिससे सुख-शांति आती है।
-घर में कबाड़ न रखें।
वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में किसी भी तरह का टूटा हुआ सामान नहीं रखना चाहिए। इसके अलावा अगर घर के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बार-बार खराब हो रहे हैं तो उन्हें भी बदलवा लेना चाहिए। घर में खराब बिजली के उपकरण और कबाड़ जमा होने से घर में क्लेश की स्थिति पैदा होती है।
– जूते-चप्पल ठीक से रखें।
वास्तु शास्त्र के अनुसार घर के मुख्य द्वार पर जूते-चप्पल कभी भी उल्टे या अव्यवस्थित ढंग से नहीं रखने चाहिए। इसके अलावा घर के अंदर भी जूते-चप्पल इधर-उधर नहीं फेंकना चाहिए। ऐसा करने से परिवार के सदस्यों में क्लेश बढ़ता है और धन की हानि भी होती है।
-युद्ध चित्र
वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में महाभारत, उल्लू या युद्ध से संबंधित तस्वीरें नहीं लगानी चाहिए। घर में शेर, चीता आदि हिंसक जंगली जानवरों की तस्वीरें भी नहीं होनी चाहिए। ये तस्वीरें घर में नकारात्मक ऊर्जा बढ़ाती हैं।