क्रिकेट न्यूज डेस्क।। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल के लिए आईपीएल 2025 की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मंगलवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए। वह लेग स्पिनर आर साई किशोर की गेंद पर रिवर्स स्वीप करने की कोशिश में एलबीडब्ल्यू आउट हो गए।
नाम हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
इस शून्य के साथ अब आईपीएल में उनके 19 शून्य हो गए हैं। उन्होंने रोहित शर्मा और दिनेश कार्तिक को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम 18 शून्य हैं। यह मैक्सवेल का 460वां टी20 मैच था। इसमें वह 35 बार बिना कोई रन बनाए आउट हुए हैं। वह टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर हैं। आईपीएल 2024 सीजन भी मैक्सवेल के लिए अच्छा नहीं रहा था। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेलते हुए उन्होंने 10 मैचों में केवल 52 रन बनाए।
मैक्सवेल पहले नंबर पर
आईपीएल में सबसे ज्यादा डक की बात करें तो मैक्सवेल अब 19 डक के साथ पहले नंबर पर हैं। रोहित शर्मा और दिनेश कार्तिक 18-18 शून्य के साथ दूसरे स्थान पर हैं। पीयूष चावला और सुनील नरेन 16 शून्य के साथ तीसरे स्थान पर हैं। राशिद खान और मनदीप सिंह 15-15 शून्य के साथ चौथे स्थान पर हैं। मनीष पांडे और अंबाती रायडू 14 शून्य के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
पहली ही गेंद पर मैक्सवेल के आउट होने से पंजाब किंग्स को बड़ा झटका लगा। दर्शकों को उम्मीद थी कि मैक्सवेल इस बार अच्छा प्रदर्शन करेंगे। लेकिन, वह पहली ही गेंद पर आउट हो गये।