Home मनोरंजन अमिताभ बच्चन के साथ मंच साझा करना ‘सौभाग्य’ की बात : कृष्णा...

अमिताभ बच्चन के साथ मंच साझा करना ‘सौभाग्य’ की बात : कृष्णा अभिषेक

6
0

मुंबई, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। कॉमेडियन और अभिनेता कृष्णा अभिषेक बहुत जल्द रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ में दिखाई देंगे। इसकी तस्वीर उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है।

उन्होंने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ मंच साझा करने के अनुभव के बारे में बात करते हुए इसे अपना सौभाग्य बताया है। वह केबीसी में दोस्त और अभिनेता सुनील ग्रोवर के साथ पहुंचे।

कृष्णा अभिषेक ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की। इसमें वह अमिताभ बच्चन और सुनील ग्रोवर के साथ पोज देते दिखाई दे रहे हैं। फोटो में अमिताभ बच्चन बीच में खड़े दिखाई दे रहे हैं और उनके दोनों तरफ सुनील ग्रोवर और कृष्णा अभिषेक पोज देते दिख रहे हैं।

सोशल मीडिया पर इस तस्वीर को शेयर करते हुए कृष्णा ने लिखा, “वह इंसान जिसने हम सबको प्रेरित किया है, वो कहते हैं न कि आदमी देखकर सीखता है और हम आपसे ही सब कुछ सीख रहे हैं। हमें आप लोगों के साथ मंच साझा करने का सौभाग्य मिला। अमिताभ बच्चन सर के साथ इस एपिसोड की शूटिंग में बहुत आनंद आया। इस सप्ताह इसे जरूर देखें। सुनील ग्रोवर पाजी, आपको भी प्यार, आपके साथ बहुत आनंद आया।”

सुनील ग्रोवर और कृष्णा अभिषेक इस सोमवार को ‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ दीपावली स्पेशल में नजर आएंगे। सोनी टीवी ने अपने इंस्टाग्राम पर इसके कई प्रोमो जारी किए हैं। इसमें सुनील ग्रोवर सफेद सूट पहने अमिताभ बच्चन के लुक में शो को होस्ट करते भी दिखाई देंगे।

इसके अलावा, वह “मेरे पति मुझको प्यार नहीं करते” गाने को अमिताभ बच्चन के सामने गाते दिखाई देंगे। प्रोमो में उनकी परफॉर्मेंस देखने के बाद अमिताभ बच्चन को खूब लोट-पोट होते हुए भी देखा जा सकता है।

कृष्णा अभिषेक भी अपनी कॉमेडी का तड़का केबीसी में लगाते दिखाई देंगे। इस बार ‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ के मंच पर सवालों की बौछार के साथ ही कॉमेडी से दर्शक लोट-पोट होते दिखाई देंगे।

सुनील ग्रोवर और कृष्णा अभिषेक दोनों ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में कपिल शर्मा के साथ दिखाई देते हैं।

–आईएएनएस

जेपी/एबीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here