Home टेक्नोलॉजी अल्बानिया ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए दुनिया का पहला एआई-जेनरेटेड...

अल्बानिया ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए दुनिया का पहला एआई-जेनरेटेड मंत्री किया नियुक्त

5
0

तिराने, 12 सितंबर (आईएएनएस)। अल्बानिया ने देश को “भ्रष्टाचार मुक्त” बनाने के उद्देश्य से बड़ा प्रयोग किया है। देश ने दुनिया का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जेनरेटेड “मंत्री” नियुक्त किया है। अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा ने अपने मंत्रिमंडल में डिजिटल मंत्री को शामिल किए जाने की घोषणा की।

इस डिजिटल सहायक का नाम ‘डिएला’ है। जिसका अर्थ ‘सूरज’ होता है। यह जनवरी से ही लोगों से ऑनलाइन सरकारी सेवाओं का उपयोग करने का तरीका पूछ रहा है। यूरो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को एडी रामा ने कहा, “डिएला पहली [सरकारी] सदस्य हैं जो शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं, बल्कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता द्वारा आभासी रूप से इन्हें रचा गया है।”

उन्होंने कहा कि डिएला को सार्वजनिक निविदाओं से संबंधित सभी निर्णय लेने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि उन्हें “100 प्रतिशत भ्रष्टाचार मुक्त” बनाया जा सके। उन्होंने आगे कहा कि “निविदा प्रक्रिया में जमा किया गया प्रत्येक सार्वजनिक धन पूरी तरह से पारदर्शी होगा।”

रामा ने कहा कि सार्वजनिक निविदाओं को कौन जीतता है, यह निर्णय “चरणबद्ध” प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी मंत्रालयों से हटा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एआई यह सुनिश्चित करेगा कि “निविदा प्रक्रिया में सभी सार्वजनिक खर्च 100 प्रतिशत पारदर्शी हों।” अपनी शुरुआत के बाद से, डिएला को पारंपरिक अल्बानियाई पोशाक पहने एक महिला के रूप में दिखाया गया है। यह स्पष्ट नहीं है कि यह अपने वर्तमान स्वरूप को बनाए रखेगा या नहीं।

अल्बानिया में भ्रष्टाचार एक गंभीर समस्या है, और देश का लक्ष्य 2023 तक यूरोपीय संघ का हिस्सा बनना है। ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल के भ्रष्टाचार सूचकांक में अल्बानिया को 180 देशों में 80वें स्थान पर रखा गया था। यह सूचकांक सार्वजनिक क्षेत्र में भ्रष्टाचार के अनुमानित स्तर के आधार पर देशों को रैंक करता है।

एआई के बढ़ते प्रभाव का ये प्रमाण है। इस वर्ष की शुरुआत में, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ एआई एक्शन समिट की सह-अध्यक्षता की थी। सप्ताह भर चले इस शिखर सम्मेलन में वैश्विक नेताओं, नीति निर्माताओं और उद्योग विशेषज्ञों ने भाग लिया था।

–आईएएनएस

केआर/

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here