Home खेल आईएसएल 2026: मोहम्मडन एससी की होगी एफसी गोवा से भिड़ंत, पहली जीत...

आईएसएल 2026: मोहम्मडन एससी की होगी एफसी गोवा से भिड़ंत, पहली जीत की तलाश में उतरेंगी दोनों टीमें

1
0

कोलकाता, 19 फरवरी (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 के दूसरे हफ्ते के पहले मैच में मोहम्मडन एससी की भिड़ंत एफसी गोवा के साथ होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला शुक्रवार को किशोर भारती क्रीड़ांगन के मैदान पर खेला जाएगा। गोवा और एससी की टीम को इस मुकाबले में अपनी पहली जीत की तलाश होगी।

मोहम्मडन स्पोर्टिंग को सीजन के पहले मैच में जमशेदपुर एफसी के खिलाफ 0-1 से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, एफसी गोवा और इंटर काशी के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा था। कोच मेहराजुद्दीन वाडू की अगुवाई में मोहम्मडन एससी का पहले मैच में डिफेंस काफी दमदार नजर आया था। हालांकि, दूसरे हाफ में सुस्त खेल के चलते बाजी टीम के हाथ से फिसल गई थी। मगर अपने घर में मोहम्मडन एससी जोरदार पलटवार करने को बेताब होगी।

कोच वाडू ने माना कि टीम को एक अच्छे स्ट्राइकर की कमी खल रही है। उन्होंने कहा, “हम एक युवा और अनुभवहीन टीम हैं। हमारे पास एक अच्छे स्ट्राइकर की कमी है। हालांकि, हमको इन युवा खिलाड़ियों पर पूरा भरोसा है और कल होने वाले मैच में यह सभी अपना बेस्ट प्रदर्शन करेंगे। हमें और ज्यादा मौके बनाने होंगे। कल (शुक्रवार) हम बेहतर आक्रामक फुटबॉल खेलेंगे।”

एफसी गोवा कोलकाता पहुंच चुकी है और टीम पिछले मैच में की गई गलतियों को मोहम्मडन एससी के खिलाफ दोहराना नहीं चाहेगी। इंटर काशी के खिलाफ खेले गए मैच में टीम का पूरी तरह से दबदबा रहा था, लेकिन हाथ आए कई चांस को ना भुना पाने का नुकसान एफसी गोवा को उठाना पड़ा था। दमदार भारतीय खिलाड़ियों और अनुभवी विदेशी प्लेयर्स से सजी यह टीम मोहम्मडन एससी के घर में धमाकेदार प्रदर्शन करना चाहेगी।

मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए एफसी गोवा के कोच मनोलो मार्केज ने कहा, “जाहिर तौर पर यह एक मुश्किल मैच होगा। वह बिना किसी ज्यादा दबाव के खेलेंगे, जो हमारे लिए खतरनाक हो सकता है। हमारे पास ज्यादा अच्छे खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन हमें मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करके दिखाना होगा।”

–आईएएनएस

शुभम/आरएसजी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here