कोलकाता, 24 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 70वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ जीत के लिए 204 रन का टारगेट रखा है। दोनों ही टीमें प्लेऑफ की रेस से बाहर हैं, लेकिन आईपीएल 2026 के अंतिम लीग मैच को जीतकर अपने अभियान का समापन करना चाहेंगी।
ईडन गार्डन्स स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी डीसी ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 203 विकेट गंवाए। इस टीम ने 4.3 ओवर में अपना पहला विकेट खो दिया था।
अभिषेक 18 गेंदों में 4 चौकों के साथ 22 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद साहिल परख ने केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में 47 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 87 के स्कोर तक पहुंचा दिया।
साहिल 17 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जहां से कप्तान अक्षर पटेल ने मोर्चा संभाला। पटेल ने केएल राहुल के साथ तीसरे विकेट के लिए 19 गेंदों में 38 रन जुटाकर टीम को 125 के स्कोर तक पहुंचाया।
केएल राहुल 30 गेंदों में 4 छक्कों और 5 चौकों के साथ 60 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद कप्तान ने डेविड मिलर (28) के साथ चौथे विकेट के लिए 25 गेंदों में 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
आशुतोष शर्मा और डेविड मिलर की जोड़ी ने पांचवें विकेट के लिए 17 गेंदों में 35 रन जोड़े। मिलर 19 गेंदों में 3 छक्कों के साथ 28 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आशुतोष ने 11 गेंदों में 18 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से सौरभ दुबे ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले। अनुकूल रॉय, सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती ने 1-1 विकेट हासिल किया।
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन में अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, कैमरून ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, तेजस्वी दहिया (विकेटकीपर), अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, सौरभ दुबे, वरुण चक्रवर्ती और कार्तिक त्यागी शामिल हैं।
वहीं, दिल्ली कैपिटल्स इस मैच में केएल राहुल (विकेटकीपर), अभिषेक पोरेल, साहिल पारख, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, माधव तिवारी, औकिब नबी डार, मिशेल स्टार्क और लुंगी एनगिडी के साथ उतरी है।
–आईएएनएस
आरएसजी








