मनोरंजन न्यूज़ डेस्क – चोर ने सैफ अली खान पर चाकू से 6 बार वार किया, जिसमें एक्टर बुरी तरह घायल हो गए। एक्टर को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों की टीम ने उनकी सर्जरी की। अब एक्टर की हालत पहले से बेहतर है और सर्जरी करने वाले डॉक्टर ने बताया है कि एक्टर को कब छुट्टी मिलेगी। आइए जानते हैं सैफ अब कैसे हैं और वो कब घर जा सकते हैं।
सैफ को गंभीर चोटें आई थीं
डॉक्टरों ने सैफ अली खान की सेहत पर अपडेट दिया है, जिसका वीडियो सामने आया है। सैफ की सर्जरी करने वाले न्यूरोसर्जन नितिन डांगे ने बताया कि एक्टर को करीब 3 बजे अस्पताल लाया गया था। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर चाकू से 6 बार वार किया था। गर्दन और रीढ़ की हड्डी पर घाव गहरे थे। उनकी रीढ़ की हड्डी में बड़ी चोट थी और सर्जरी के बाद रीढ़ की हड्डी में घुसा ढाई इंच का चाकू निकाल दिया गया। साथ ही वहां से निकल रहे फ्लूइड को भी बंद कर दिया गया।
सैफ अली खान अब कैसे हैं
सैफ की सेहत के बारे में बात करते हुए डॉक्टर ने बताया कि उनकी सर्जरी सफल रही है। सर्जरी के बाद सैफ को ऑपरेशन रूम से आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है, जहां वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। एक्टर की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है और उम्मीद है कि वह जल्द ही 100% ठीक हो जाएंगे।
कब मिल सकती है छुट्टी?
सैफ अली खान पर हुए हमले की खबर ने न सिर्फ इंडस्ट्री में सनसनी मचा दी, बल्कि एक्टर के फैंस भी चिंता में पड़ गए। सबके मन में सवाल था कि सैफ अब कैसे हैं। आपको बता दें कि डॉक्टरों ने कहा है कि वह खतरे से बाहर हैं और जल्द ही ठीक हो जाएंगे। वहीं, सर्जरी करने वाले डॉक्टर ने जानकारी दी कि आने वाले 2 से 3 दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।