भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जा रहा है। 23 जुलाई से शुरू हुए इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट पर 264 रन बना लिए हैं। हालाँकि, पहले दिन टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लगा है। ऋषभ पंत बल्लेबाजी करते हुए गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। लेकिन, इससे पहले ही पंत ने अपने नाम एक विश्व रिकॉर्ड बना लिया था।
पंत ने इंग्लैंड में बनाया विश्व रिकॉर्ड
आपको बता दें कि ऋषभ पंत इंग्लैंड में 1000 टेस्ट रन बनाने वाले पहले मेहमान विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले कोई भी विकेटकीपर बल्लेबाज इंग्लैंड में 1000 टेस्ट रन नहीं बना पाया है। 27 वर्षीय पंत ने इंग्लैंड में टेस्ट मैचों में 1004 रन बनाए हैं। पंत ने 48 गेंदों में 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 37 रन बनाए और रिटायर्ड हर्ट हो गए।
क्रिस वोक्स की गेंद पर पंत चोटिल हो गए
क्रिस वोक्स इंग्लैंड के लिए 68वां ओवर फेंक रहे थे। उनके ओवर की चौथी गेंद पर ऋषभ पंत रिवर्स स्वीप करना चाहते थे। लेकिन, गेंद सीधी आकर उनके पैर में लगी। गेंद इतनी ज़ोर से लगी कि जिस जगह गेंद लगी थी, वह जगह सूज गई और वहाँ से खून भी निकल रहा था। पंत ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। वह बहुत दर्द में दिख रहे थे। ऋषभ को गोल्फ कार्ट पर मैदान से बाहर ले जाया गया।
श्रृंखला में दूसरी बार चोटिल हुए पंत
ऋषभ पंत इस श्रृंखला में दूसरी बार चोटिल हुए हैं। इससे पहले लॉर्ड्स टेस्ट में भी पंत विकेटकीपिंग करते हुए चोटिल हो गए थे, जिसके बाद उनकी जगह ध्रुव जुरेल ने विकेटकीपिंग की ज़िम्मेदारी संभाली थी।