होबार्ट, 1 मार्च (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने कप्तान एलिसा हीली और विकेटकीपर बल्लेबाज बेथ मूनी की शतकीय पारियों के दम पर होबार्ट के निंजा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे वनडे में भारत को जीत के लिए 410 रन का पहाड़ सा लक्ष्य दिया है।
अपना आखिरी वनडे खेल रही एलिसा हीली ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। पारी की शुरुआत में उन्होंने समय लिया और 49 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन इसके बाद उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी की और 79 गेंदों पर अपने वनडे करियर का 8वां शतक पूरा किया। शतक पूरा करने के बाद भी वह भारतीय गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटीं।
स्नेह राणा की गेंद पर बोल्ड होने से पहले हीली ने 98 गेंदों पर 2 छक्कों और 27 चौकों की मदद से 158 रनों की विस्फोटक पारी खेली। हीली की आखिरी पारी बेहद रोमांचक रही। इस पारी को क्रिकेट फैंस हमेशा याद रखेंगे।
हीली के अलावा चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं विकेटकीपर बल्लेबाज बेथ मूनी ने भी शतक लगाया। मूनी ने 84 गेंद पर 10 चौकों और 1 छक्के की मदद से नाबाद 106 रन की पारी खेली।
मूनी और हीली के बीच तीसरे विकेट के लिए 145 रन की साझेदारी हुई।
जॉर्जिया वॉल ने 52 गेंदों पर 62 रन और निकोला कैरी ने 15 गेंदों पर 34 रन की पारी खेली।
ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट के नुकसान पर 409 रन बनाए हैं।
टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का भारतीय टीम का फैसला गलत साबित हुआ। भारतीय गेंदबाज प्रभावी नहीं रहीं। श्री चरणी ने 10 ओवर में 106 रन दे दिए। उन्होंने 2 विकेट लिए। काश्वी गौतम ने 10 ओवर में 83 रन देकर 1, दीप्ति शर्मा ने 10 ओवर में 90 रन देकर 1 विकेट लिए। स्नेह राणा ने 10 ओवर में 66 रन देकर 2 विकेट लिए। रेणुका सिंह ने 10 ओवर में 64 रन देकर 1 विकेट लिए।
भारतीय टीम सीरीज के शुरुआती 2 मैच गंवा चुकी है। इस मैच में भी अगर कोई करिश्मा नहीं हुआ तो टीम पर हार का खतरा है।
–आईएएनएस
पीएके








