वास्तु शास्त्र में घर में सुख-समृद्धि लाने के कई उपाय बताए गए हैं। वास्तु की मदद से हम अपने जीवन की नकारात्मकता को भी दूर कर सकते हैं। इसके अलावा वास्तु में कुछ ऐसे संकेत भी बताए गए हैं जिन्हें शुभ नहीं माना जाता। तो चलिए आज हम आपके किचन में मौजूद 3 ऐसी चीजों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं जिनका गिरना वास्तु में अशुभ संकेत होता है। हम आपको बताएंगे कि ये चीजें क्या हैं और इनके गिरने के क्या संकेत हैं। साथ ही हम आपको अशुभता से बचने के लिए कुछ जरूरी उपाय भी बताएंगे।
सरसों का तेल गिरना
अगर आपके रसोईघर में सरसों का तेल गिर जाए तो इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें। यह इस बात का संकेत है कि आपको या घर के किसी सदस्य को शनि दोष है और शनि से संबंधित समस्याएं हो सकती हैं। यदि आपको या घर के किसी सदस्य को सरसों का तेल गिरने से करियर में परेशानी आ रही है तो समझ लीजिए कि इसका कारण शनि दोष हो सकता है। इसके साथ ही शनि दोष के कारण व्यक्ति के बनते काम भी बिगड़ जाते हैं। इसलिए सरसों का तेल गिरने के बाद आप एक पात्र में सरसों का तेल लेकर उस पात्र पर घर के लोगों के हाथ लगवाकर दान कर दें। ऐसा करने से शनि संबंधी दोष दूर हो सकते हैं।
रसोईघर में दूध का गिरना
वास्तु में दूध का गिरना भी शुभ संकेत नहीं माना जाता है। दूध का संबंध चंद्र ग्रह से है और यह सुख-समृद्धि का प्रतीक भी है। अगर रसोई में दूध गिरने की घटना बार-बार हो रही है तो समझ लीजिए कि परिवार में किसी को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। किसी का स्वास्थ्य खराब हो सकता है या भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है। इसलिए आपको दूध गिरने के बाद भगवान शिव की पूजा करनी चाहिए और शिवलिंग पर दूध चढ़ाना चाहिए। ऐसा करने से आप अपने सामने आने वाली समस्याओं से छुटकारा पा सकते हैं।
रसोईघर में नमक गिरना
नमक एक ऐसा पदार्थ है जिसका उपयोग घर में अक्सर किया जाता है। नमक का संबंध शुक्र और चंद्रमा से माना जाता है। रसोईघर में नमक का गिरना भी शुभ संकेत नहीं है। अगर आपके किचन में बार-बार नमक गिरता है तो समझ लीजिए कि आपको पैसों के साथ-साथ वैवाहिक जीवन में भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। नमक का बार-बार गिरना भी आपकी आर्थिक कमजोरी का संकेत है। इसलिए धन और वैवाहिक जीवन से जुड़ी समस्याओं से बचने के लिए आपको लक्ष्मी-नारायण की पूजा करनी चाहिए और शुक्रवार को सफेद चीजों का दान करना चाहिए।