बिज़नेस न्यूज़ डेस्क – शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए यह जानना जरूरी है कि किस त्योहार पर बाजार बंद रहता है और किस त्योहार पर खुला रहता है। मकर संक्रांति कल 14 जनवरी को है। ऐसे में कई लोग जानना चाहते होंगे कि मकर संक्रांति पर शेयर बाजार बंद रहेगा या खुलेगा? शनिवार और रविवार के अलावा कई महत्वपूर्ण त्योहारों और कुछ खास मौकों पर शेयर बाजार बंद रहता है। शनिवार और रविवार के अलावा शेयर बाजार किस दिन बंद रहेगा, इसे लेकर बीएसई और एनएसई हर साल एक कैलेंडर जारी करते हैं। इसमें पूरे साल की छुट्टियों का जिक्र होता है। साल 2025 के लिए भी शेयर बाजार में छुट्टियों का कैलेंडर जारी किया गया है। इस कैलेंडर के मुताबिक मकर संक्रांति पर शेयर बाजार में कोई छुट्टी नहीं है। यानी शेयर बाजार खुला रहेगा और इसमें आम दिनों की तरह ही कारोबार होगा।
जनवरी में कब-कब छुट्टी रहेगी?
इस जनवरी महीने में शेयर बाजार में कोई छुट्टी नहीं है। हर साल 26 जनवरी को शेयर बाजार में छुट्टी होती है। लेकिन इस बार 26 जनवरी रविवार को है। वैसे भी शनिवार और रविवार को बाजार में छुट्टी रहती है। इस वजह से इस बार 26 जनवरी के लिए अलग से कोई छुट्टी नहीं होगी।
शनिवार को इस दिन खुलेगा बाजार
शेयर बाजार आमतौर पर शनिवार को बंद रहता है, लेकिन कभी-कभी विशेष परिस्थितियों के चलते भी इसे खोला जाता है। इस बार 1 फरवरी को शनिवार है। लेकिन इस शनिवार को बाजार बंद नहीं रहेगा। दरअसल, 1 फरवरी को बजट 2025 पेश किया जाएगा। इस वजह से 1 फरवरी यानी शनिवार को NSE और BSE खुले रहेंगे। दोनों शेयर बाजारों में विशेष ट्रेडिंग सेशन आयोजित किए जाएंगे। 1 फरवरी को सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक बाजार आम दिनों की तरह खुले रहेंगे।
कैसा है शेयर बाजार का हाल?
पिछले कई दिनों से शेयर बाजार में गिरावट जारी है। सोमवार को भी शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। दोपहर 2 बजे तक सेंसेक्स 900 से ज्यादा और निफ्टी 300 से ज्यादा अंकों की गिरावट दर्ज कर चुका है। दोपहर 2 बजे सेंसेक्स 917 अंक गिरकर 76,461.90 अंक पर था। वहीं, निफ्टी 315.25 अंक गिरकर 23,116.25 अंक पर था।