बिहार में चुनावी माहौल गरमाते ही, नए चेहरे राजनीतिक गलियारों में सुर्खियाँ बटोर रहे हैं। अब, मशहूर भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने भी राजनीति में आने के संकेत दिए हैं। दरअसल, अक्षरा सिंह ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात की।उन्होंने इस मुलाकात की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, “गिरिराज सिंह जी से आशीर्वाद प्राप्त किया।” इसके बाद से ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है कि क्या अक्षरा सिंह भी इस बार बिहार के चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही हैं।
विनोद तावड़े से मिलीं मैथिली ठाकुर
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले, भोजपुरी फिल्म जगत से कई नाम राजनीति में आ गए हैं। अभी एक दिन पहले ही लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने विनोद तावड़े और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात की।आज तक से बातचीत में मैथिली ने कहा कि उनकी बातचीत काफी सकारात्मक रही और वह एनडीए का समर्थन करती हैं। उन्होंने कहा, “मेरी आत्मा बिहार से जुड़ी है और मैं बिहार में रहकर लोगों की सेवा करना चाहती हूँ।”
कई नामचीन हस्तियाँ राजनीति में उतरीं
इससे पहले, भोजपुरी फ़िल्म अभिनेता पवन सिंह भी भाजपा में वापसी कर चुके हैं। गायक और अभिनेता रितेश पांडे भी प्रशांत किशोर की पार्टी जन सूरज में शामिल हो गए हैं। चर्चा है कि प्रसिद्ध गायक राधेश्याम रसिया भी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।इस सूची में एक नाम भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव का भी है, जिन्होंने हाल ही में सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। हालाँकि, उनके राजनीति में आने या चुनाव लड़ने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।