Home खेल गुवाहाटी टेस्ट में ऋषभ पंत कर सकते हैं एमएस धोनी की बराबरी

गुवाहाटी टेस्ट में ऋषभ पंत कर सकते हैं एमएस धोनी की बराबरी

3
0

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में शनिवार से सीरीज का दूसरा टेस्ट शुरू हो रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय कप्तान शुभमन गिल इस टेस्ट का हिस्सा नहीं होंगे। उनकी जगह ऋषभ पंत टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।

ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक शुभमन गिल भारतीय टीम के साथ गुवाहाटी गए हैं लेकिन गर्दन की इंजरी से वह पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। गिल गुरुवार को अभ्यास सत्र में भी भारतीय टीम के साथ नहीं थे। ऐसे में उनका गुवाहाटी टेस्ट से बाहर रहना लगभग तय है।

शुभमन गिल की जगह विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए नजर आ सकते हैं। पंत टीम के उपकप्तान हैं, ऐसे में पूरी संभावना है कि वही कप्तानी करेंगे। वहीं गिल की जगह प्लेइंग इलेवन में साई सुदर्शन या फिर देवदत्त पड्डिकल को जगह दी जा सकती है।

ऋषभ पंत पहली बार भारतीय टीम की टेस्ट फॉर्मेट में कप्तानी करेंगे। एमएस धोनी के बाद टेस्ट फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तानी करने वाले वह दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। रोहित शर्मा के बाद ऋषभ पंत को ही भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान माना जा रहा था, लेकिन इंजरी की वजह से उनका लंबे समय तक क्रिकेट से बाहर रहना और इस दौरान शुभमन गिल का निरंतर उम्दा प्रदर्शन, पंत को कप्तानी की दौर में पीछे कर गया।

पंत ने इसके पूर्व 5 टी20 मैचों में भारत की कप्तानी की है। टीम इंडिया ने 2 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। 1 मैच का परिणाम नहीं निकला।

ऋषभ पंत टेस्ट फॉर्मेट में भारत के लिए बेहद अहम हैं। वे तेजी से रन बनाते हुए मैच के परिणाम भारत के पक्ष में करते रहे हैं। पंत ने 48 टेस्ट मैचों की 84 पारियों में 8 शतक और 18 अर्धशतक की मदद से 3,456 रन बनाए हैं।

–आईएएनएस

पीएके

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here