गोवा की राजधानी पणजी में एक फिल्म अभिनेत्री और उसकी दोस्त के साथ अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। महिला ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता से संपर्क कर शिकायत दर्ज की। पुलिस ने बाइक सवार एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने व्यक्ति को गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें गठित की हैं। फिल्म अभिनेत्री ने बताया कि वह रविवार रात 10:15 बजे अपनी सहेली के साथ घर लौट रही थीं। एक बाइक सवार व्यक्ति बैंक के पास बैठा था। जैसे ही उसने उन दोनों को देखा तो उसने अश्लील इशारे करने शुरू कर दिए।
दोनों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। महिला ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां करते हुए लिखा कि वह आरोपियों की हरकतों से इतनी डर गई कि उसने वहां से भाग जाना ही उचित समझा। महिलाओं ने सवाल उठाया है कि क्या उन लोगों को चिल्लाना चाहिए था, क्या उन लोगों को आरोपियों का सामना करना चाहिए था? लोगों को ऐसा जघन्य कार्य करने का आत्मविश्वास कहां से मिलता है? गोवा पुलिस के अनुसार उन्हें एक पोस्ट के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता से संपर्क कर घटना की जानकारी ली।
आरोपी का नाम पहले भी कई मामलों में आ चुका है।
पुलिस ने सोमवार दोपहर मामला दर्ज कर लिया। एफआईआर बीएनएस की धारा 78 (2) (पीछा करना), 75 (2) (यौन उत्पीड़न) और 79 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से शब्द बोलना, इशारे करना) के तहत दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने ‘आपराधिक इरादे’ से पीड़ितों का पीछा भी किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पीड़िता के बयान के आधार पर संदिग्ध आरोपी की पहचान कर ली है। आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ यौन उत्पीड़न और पोक्सो अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। आरोपी कुछ दिन पहले ही वर्ष 2024 के एक मामले में जमानत पर जेल से रिहा हुआ था। पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।








