Home खेल गौतम अदाणी ने टीम इंडिया को एशिया कप जीत पर बधाई दी

गौतम अदाणी ने टीम इंडिया को एशिया कप जीत पर बधाई दी

4
0

नई दिल्ली, 29 सितंबर (आईएएनएस)। अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने टीम इंडिया को रिकॉर्ड नौवीं बार एशिया कप खिताब जीतने पर बधाई दी है। भारत ने रविवार को एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया है।

गौतम अडानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “एशिया कप 2025 जीतने के लिए टीम इंडिया को बधाई। यह जीत एक बार फिर सिद्ध करती है कि जब भारत के युवा ठान लेते हैं, तो हर चुनौती अवसर बन जाती है। तिलक वर्मा (69*) पर गर्व है।”

भारत ने रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट से जीत दर्ज की। टॉस हारकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पाकिस्तानी टीम 19.1 ओवरों में 146 रन पर सिमट गई।

साहिबजादा फरहान और फखर जमां की सलामी जोड़ी ने पाकिस्तान को शानदार शुरुआत दिलाई। इन बल्लेबाजों के बीच 9.4 ओवरों में 84 रन की साझेदारी हुई। साहिबजादा फरहान 38 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए, जबकि फखर जमां ने 35 गेंदों में 46 रनों की पारी खेली।

भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए।

इसके जवाब में भारत ने 19.4 ओवरों में 5 विकेट शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम 20 रन तक अपने 3 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन यहां से तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। तिलक वर्मा ने संजू सैमसन के साथ चौथे विकेट के लिए 57 रन जोड़ते हुए भारत को संभाला। संजू 21 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद तिलक वर्मा ने शिवम दुबे के साथ पांचवें विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की। शिवम ने 33 रन का योगदान टीम के खाते में दिया, जबकि तिलक वर्मा ने 53 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों की मदद से नाबाद 69 रन बनाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई।

–आईएएनएस

आरएसजी/एएस

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here