Home मनोरंजन जन्मदिन के मौके पर जानिए आखिर कैसे मीका सिंह ने तय किया...

जन्मदिन के मौके पर जानिए आखिर कैसे मीका सिंह ने तय किया भजन-कीर्तन से बॉलीवुड तक का सफर, आज भी सिंगल है करोड़पति सिंगर

9
0

10 जून को अपना 48वां जन्मदिन मना रहे मीका सिंह का सफर साधारण नहीं रहा। एक वक्त था जब वह भजन-कीर्तन गाकर अपना गुजारा करते थे। लेकिन उनकी किस्मत उस वक्त पलटी जब उनके बड़े भाई और मशहूर गायक दलैर मेहंदी ने उन्हें सपोर्ट किया। साल 1998 में आया उनका पहला हिट गाना ‘सावन में लग गई आग’ ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। हालांकि मीका को अपनी आवाज को लेकर कई बार आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि कैसे कभी लोग कहते थे “तू कौन सा तानसेन की औलाद है?” ये बातें उन्हें अंदर तक तोड़ देती थीं। एक शो के दौरान, जब वह ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ गा रहे थे और प्रियंका चोपड़ा उनके पास बैठी थीं, तो वह अपनी आवाज सुनकर भावुक होकर रो पड़े।

राखी सावंत को जबरन किस करने पर हुआ विवाद

मीका सिंह का नाम कई विवादों से भी जुड़ा रहा है। सबसे चर्चित मामला साल 2006 का है, जब उन्होंने अपने जन्मदिन की पार्टी में अभिनेत्री राखी सावंत को जबरन किस कर लिया था। इस घटना से राखी बेहद नाराज हो गई थीं और उन्होंने मीका के खिलाफ केस भी दर्ज कराया। यह विवाद लंबे समय तक चला और दोनों के बीच काफी तल्खियां रहीं। हालांकि बाद में समय के साथ दोनों ने इस मुद्दे को सुलझा लिया और अब दोनों एक-दूसरे को अच्छा दोस्त मानते हैं।

स्वयंवर में ढूंढी ‘दुल्हनिया’ लेकिन नहीं बनी बात

मीका सिंह 2022 में एक रियलिटी शो “स्वयंवर – मीका दी वोटी” को लेकर फिर चर्चा में आ गए थे। इस शो में उन्होंने टीवी के जरिए अपने लिए जीवनसाथी खोजने की कोशिश की। शो में 12 लड़कियां शामिल हुईं और आखिर में उन्होंने वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट आकांक्षा पुरी को अपनी दुल्हन चुना। शो के बाद कुछ समय तक दोनों साथ नजर भी आए, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा दिन नहीं चल पाया। बाद में दोनों ने अलग होने का फैसला लिया और अब एक-दूसरे को सिर्फ अच्छा दोस्त बताते हैं।

बॉलीवुड का लग्जरी लवर और प्राइवेट आइलैंड के मालिक

मीका सिंह अपनी आवाज के अलावा अपने लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए भी जाने जाते हैं। वह भारत के पहले ऐसे सेलिब्रिटी हैं जिनके पास प्राइवेट आइलैंड है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी शेयर किया था जिसमें वह मोटरबोट चलाते नजर आए थे। हालांकि उन्होंने इस द्वीप की लोकेशन और कीमत का खुलासा नहीं किया, लेकिन बताया कि उन्होंने इसके साथ सात नावें और दस घोड़े भी खरीदे हैं। इससे यह साफ जाहिर होता है कि मीका का रुतबा और स्टाइल आम सिंगर्स से कहीं अलग है।

मीका की आवाज और शख्सियत का सफर

मीका सिंह के गानों में एनर्जी, बीट्स और जोश भरपूर होता है। ‘गबरू’, ‘आंख मारे’, ‘मौजा ही मौजा’, ‘अजब साजिश’, ‘सुबह होने ना दे’ जैसे गानों ने उन्हें पार्टी सॉन्ग किंग बना दिया है। वे कई भाषाओं में गा चुके हैं और भारतीय संगीत इंडस्ट्री में एक बोल्ड और बेबाक कलाकार के तौर पर पहचान रखते हैं। मीका ने जीवन में जो भी पाया है, उसमें संघर्ष, आलोचना और विवाद सब कुछ शामिल रहा है, लेकिन इन सबके बीच वह लगातार अपने अंदाज़ और स्टाइल से लोगों को प्रभावित करते आए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here