Home खेल जिम्बाब्वे के लिए ‘सपना’ रहा है टी20 में साउथ अफ्रीका को हराना,...

जिम्बाब्वे के लिए ‘सपना’ रहा है टी20 में साउथ अफ्रीका को हराना, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड

1
0

नई दिल्ली, 28 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को साउथ अफ्रीका का सामना जिम्बाब्वे के साथ होगा। दोनों टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले की मेजबानी अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम करेगा। साउथ अफ्रीका सुपर-8 राउंड के अपने पहले दोनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। वहीं, वेस्टइंडीज और भारत के खिलाफ मिली हार के बाद जिम्बाब्वे अंतिम चार में पहुंचने की रेस से बाहर हो गया है।

साउथ अफ्रीका का प्रदर्शन इस विश्व कप में कमाल का रहा है। ग्रुप स्टेज के सभी मुकाबले जीतने के बाद टीम ने अपनी इसी फॉर्म को सुपर-8 राउंड में भी बरकरार रखा है। दूसरे दौर के पहले मैच में प्रोटियाज टीम ने भारत को 76 रनों से हराया था। वहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम ने 9 विकेट से जीत दर्ज की थी। बल्लेबाजी में कप्तान एडेन मार्करम शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। मार्करम 6 मैचों में 178 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 264 रन बना चुके हैं।

वहीं, क्विंटन डी कॉक और रयान रिकेल्टन के बल्ले से भी लगातार रन निकल रहे हैं। डी कॉक ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए आखिरी मुकाबले में 24 गेंदों में 47 रनों की तेज तर्रार पारी खेली थी, जबकि रिकेल्टन ने सिर्फ 28 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाए थे। गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी 5 मुकाबलों में 11 विकेट निकाल चुके हैं। केशव महाराज की घूमती गेंदों ने भी बल्लेबाजों को काफी तंग किया है।

दूसरी तरफ, ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को पटखनी देने वाली जिम्बाब्वे की टीम सुपर-8 राउंड के अपने दोनों ही मैच हार चुकी है। वेस्टइंडीज और भारत दोनों के खिलाफ खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे के गेंदबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 6 विकेट खोकर 254 रन बनाए थे, तो भारतीय टीम 4 विकेट गंवाकर 256 रन बनाने में सफल रही थी।

भारत के खिलाफ ब्रायन बेनेट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंदों में 97 रनों की नाबाद पारी खेली थी। हालांकि, उन्हें बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका था। बेनेट 5 मुकाबलों में अब तक 277 रन बना चुके हैं।

टी20 में साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच अब तक कुल 8 मुकाबले खेले गए हैं। साउथ अफ्रीका ने 7 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है। यानी क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में जिम्बाब्वे आज तक साउथ अफ्रीका को नहीं हरा सकी है।

अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जाती है। छोटी बाउंड्री होने के कारण इस मैदान पर खूब चौके-छक्के भी लगते हैं। दिल्ली के इस ग्राउंड में पहली पारी का औसत स्कोर 148 रन रहा है। वहीं, दूसरी पारी का औसत स्कोर 135 रन है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच होने वाले आगामी मुकाबले में बारिश खलल नहीं डालेगी। दिल्ली में मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है।

–आईएएनएस

एसएम/आरएसजी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here