Home मनोरंजन जुबीन गर्ग के निधन पर असम में तीन दिन का राजकीय शोक,...

जुबीन गर्ग के निधन पर असम में तीन दिन का राजकीय शोक, सरसजाई में अंतिम दर्शन

4
0

गुवाहाटी, 20 सितंबर (आईएएनएस)। असम सरकार ने जुबीन के निधन पर 20 से 22 सितंबर तक तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर रविवार को सुबह 9:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (सरसजाई स्टेडियम) में रखा जाएगा।

प्रसिद्ध गायक, अभिनेता और फिल्म निर्माता जुबीन गर्ग (52) का शुक्रवार को सिंगापुर में हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में परफॉर्म करने गए थे, जहां स्कूबा डाइविंग के दौरान लेजरस आइलैंड पर तैरते हुए उन्हें दौरा पड़ा। सिंगापुर जनरल हॉस्पिटल ले जाते समय दोपहर 2:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। पत्नी गारिमा साइकिया गर्ग ने बताया कि जुबीन को पहले भी दौरा पड़ चुका था, लेकिन इस बार बच न सके। पोस्टमॉर्टम शनिवार को हुआ।

असम में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित है। इस दौरान कोई आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम या उत्सव नहीं होगा। मुख्य सचिव ने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से पोस्ट शेयर कर कहा, “असम सरकार अत्यंत दुःख के साथ सूचित करती है कि जीवन से भी महान कलाकार, सांस्कृतिक प्रतीक, फिल्म निर्माता और लाखों लोगों के दिलों की धड़कन जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर रविवार को सुबह 9:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (सरसजाई स्टेडियम) में मित्रों, अनुयायियों और प्रशंसकों के अंतिम दर्शन हेतु रखा जाएगा। सभी से अनुरोध है कि वे असम के प्रिय सपूत की अंतिम यात्रा को गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने और उसे सदैव स्मरण रखने योग्य विदाई बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।”

इससे पहले मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी जुबीन गर्ग के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया था। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट करके लिखा, “जुबीन का असम के लिए महत्व शब्दों से परे है। वे बहुत जल्दी चले गए, यह जाने की उम्र नहीं थी। उनकी आवाज लोगों को ऊर्जा देती थी, संगीत सीधे मन और आत्मा से जुड़ता था। उन्होंने ऐसा शून्य छोड़ा जो कभी न भरेगा।” उन्होंने जुबीन को ‘असम का पसंदीदा रॉकस्टार’ कहा और ‘शांति से आराम करो’ की कामना की थी।

–आईएएनएस

एससीएच

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here