क्रिकेट न्यूज डेस्क।। भारत में ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म्स पर प्रतिबंध के बाद, ड्रीम11 का टीम इंडिया के साथ स्पॉन्सरशिप खत्म हो गया है। हाल ही में भारतीय संसद में ऑनलाइन गेमिंग प्रमोशन एंड रेगुलेशन बिल पास हुआ था। ऐसे में बीसीसीआई ने फैसला किया है कि नए कानून के मुताबिक, वह ड्रीम11 के साथ आगे का करार जारी नहीं रख पाएगा। ड्रीम11 ने जुलाई 2023 में तीन साल के लिए 358 करोड़ रुपये में यह स्पॉन्सरशिप हासिल की थी।
सिर्फ भारतीय क्रिकेट टीम ही नहीं, इंडियन प्रीमियर लीग की 10 में से 5 टीमों की जर्सी पर ड्रीम11 का नाम दिखता था, लेकिन भारत में पास हुए नए कानून के मुताबिक, अब आईपीएल 2026 में ड्रीम11 का नाम उन सभी टीमों की जर्सी से हट जाएगा, जिन्हें उसने स्पॉन्सर किया था। ऐसे में अब टीम इंडिया के बाद ड्रीम11 को आईपीएल से भी झटका लगने वाला है।
ड्रीम11 ने आईपीएल की पांच टीमों को स्पॉन्सर किया
बता दें कि ड्रीम11 पहले आईपीएल में कुल पांच टीमों को स्पॉन्सर करता था। ये टीमें हैं पंजाब किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद, लखनऊ सुपरजायंट्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटन्स। आईपीएल 2025 में इन सभी टीमों की जर्सी पर ड्रीम इलेवन का नाम लिखा हुआ था। ऐसे में अब यह देखने को नहीं मिलेगा।
टीम इंडिया नए प्रायोजक की तलाश में
ड्रीम इलेवन के साथ अनुबंध खत्म होने के बाद, भारतीय टीम अब नए प्रायोजक की तलाश में है। हालांकि, इस बात की उम्मीद बहुत कम है कि एशिया कप से पहले टीम इंडिया को कोई प्रायोजक मिल पाएगा। खबरों के मुताबिक, ड्रीम इलेवन के बाद बीसीसीआई कई बड़ी कंपनियों से बातचीत कर रहा है। ऐसे में टीम इंडिया एशिया कप में बिना किसी प्रायोजक वाली जर्सी के साथ मैदान में उतरती नजर आ सकती है।








