कोलकाता, 4 मार्च (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार को ईडन गार्डन्स मैदान पर सेमीफाइनल-1 में 9 विकेट से करारी हार के साथ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका का सफर समाप्त हो गया है। इस करारी हार के बाद साउथ अफ्रीकी कप्तान एडेन मार्करम ने हार की वजह गिनाई हैं।
साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 169 रन बनाए। इस टीम के लिए देवाल्ड ब्रेविस ने 34 रन की पारी खेली, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स ने 29 रन बनाए। मार्को जानसेन ने 55 रन की नाबाद पारी खेली। इसके जवाब में टिम सीफर्ट (58) और फिन एलन (नाबाद 100) के बीच 117 रन की साझेदारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने महज 12.5 ओवरों में 9 विकेट से जीत हासिल की।
फाइनल में पहुंचने का मौका चूकने के बाद साउथ अफ्रीका कप्तान एडेन मार्करम ने कहा, “मुझे लगता है कि शुरुआत में परिस्थितियों को देखना जरूरी था और उन्होंने नई गेंद से वास्तव में बहुत अच्छी गेंदबाजी की। गेंद ठीक से बल्ले पर नहीं आ रही थी। कुछ गेंदें पिच पर रुक रही थीं और कुछ बहुत नीचे लग रही थीं। इससे रन बनाना काफी मुश्किल हो गया और उसी दबाव में हम विकेट गंवाते चले गए। इसलिए उनकी (न्यूजीलैंड) गेंदबाजी यूनिट को पूरा श्रेय जाता है।”
उन्होंने कहा, बल्लेबाजी की बात करें तो, जब कोई खिलाड़ी वैसी पारी खेलता है, तो एक फ़ील्डिंग टीम के तौर पर आप अधिकतर नतीजे के सही पक्ष में नहीं निकलते। ईमानदारी से कहें तो 170 तक पहुंचना हमारे लिए एक शानदार प्रयास था। मुकाबले के बीच में हमें लगा था कि हमारे पास अब भी मौका है।”
मार्करम ने टिम सीफर्ट और फिन एलन की तारीफ में कहा, “पावरप्ले में उन्होंने तूफानी शुरुआत कर दी। आप हर बाउंड्री को नहीं बचा सकते और वहीं से मैच हाथ से निकल गया। उसके बाद वापसी करना बहुत मुश्किल हो गया। इसलिए हमें फिन एलन और टिम सीफर्ट की पारी को बड़ा श्रेय देना होगा, जिन्होंने इतनी जल्दी मैच को खत्म कर दिया। दुर्भाग्य से, आज की रात हमारे लिए बस खराब रही।”
जब कप्तान से पूछा गया कि टीम में सुधार के लिए क्या किया जा सकता है, तो मार्करम ने कहा, “अभी यह कहना मुश्किल है। हम एक समूह के तौर पर इस पर मंथन करेंगे। हमें लगा था कि विकेट बहुत अच्छा रहेगा, देखने में भी वैसा ही लग रहा था। शायद बल्लेबाजी में थोड़ा जल्दी हालात के मुताबिक ढलना चाहिए था और थोड़ा ‘ओल्ड स्कूल’ तरीका अपनाना चाहिए था। पारी को सेट करते और किसी तरह 190 तक पहुंचने की कोशिश करते, शायद तब मैच में बने रहते।”
कप्तान ने बताया कि इस हार से भले ही उन्हें झटका लगा है, लेकिन इस टीम पर गर्व है। उन्होंने कहा, “नतीजे से हम जरूर निराश हैं, लेकिन इस टीम पर मुझे बहुत गर्व है। पूरे टूर्नामेंट में हमने काफी अच्छा क्रिकेट खेला है और यह बस एक दुर्भाग्यपूर्ण शाम रही। सबसे पहले भावनाओं को शांत होने देना जरूरी है। उसके बाद हम बैठकर मैच का विश्लेषण करेंगे, देखेंगे कि किन क्षेत्रों में बेहतर किया जा सकता था। फिर दोबारा खुद को संभालेंगे, एक टीम और व्यक्तिगत तौर पर सुधार करेंगे और उम्मीद है कि यह हमें भविष्य के लिए और मजबूत बनाएगा। यह हार काफी निराशाजनक है। हमें थोड़ा झटका सा लगा है, लेकिन इसी वजह से हमें आगे और मजबूती से वापसी करनी होगी।”
–आईएएनएस
आरएसजी





