Home खेल टी20 वर्ल्ड कप: भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल से मिल सकता है अगला चैंपियन, रिकॉर्ड...

टी20 वर्ल्ड कप: भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल से मिल सकता है अगला चैंपियन, रिकॉर्ड दे रहे गवाही

1
0

नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। टीम इंडिया ने रविवार को खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला इंग्लैंड से 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा।

भारतीय टीम छठी बार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। वहीं लगातार तीसरी बार टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंची है। पिछले दोनों मौकों पर भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ ही सेमीफाइनल खेली है। इस तरह भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप में लगातार तीसरा सेमीफाइनल होना है।

पिछले दो बार के मैच परिणामों पर नजर डालें तो भारत या इंग्लैंड जिस भी टीम ने सेमीफाइनल जीता है, आगे चलकर वही टीम चैंपियन बनी है।

टी20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड का सामना हुआ था। एडिलेड में हुए इस मैच में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने 6 विकेट पर 168 रन बनाए थे। जोस बटलर की कप्तानी वाली इंग्लैंड ने 16 ओवर में बिना किसी नुकसान के 170 रन बनाकर मैच 10 विकेट से जीता था। फाइनल में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था।

टी20 विश्व कप 2024 के सेमीफाइनल में एक बार फिर रोहित की कप्तानी वाली टीम इंडिया और बटलर की कप्तानी वाली इंग्लैंड आमने-सामने थी। जॉर्जटाउन में हुए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 7 विकेट पर 171 रन बनाए थे। इंग्लैंड की पूरी टीम 16.4 ओवर में 103 रन पर सिमट गई थी और 68 रन से मैच हार गई। भारतीय टीम ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था।

भारत और इंग्लैंड के बीच पिछले दो सेमीफाइनल में विजयी रही टीम चैंपियन बनी है। ऐसे में देखना होगा कि 5 मार्च को होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम इस बार चैंपियन बनकर उभरती है या नहीं।

भारत टीम 2007 और 2024 में, जबकि इंग्लैंड 2010 और 2022 में टी20 विश्व कप जीत चुकी है।

–आईएएनएस

पीएके

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here