Home खेल टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहली जीत...

टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहली जीत का इंतजार, ऐसा है हैड टू हेड रिकॉर्ड

1
0

अहमदाबाद, 14 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 विश्व कप 2026 में शनिवार को ग्रुप स्टेज का एक बड़ा मुकाबला दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाना है। यह मैच नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम, अहमदाबाद में शाम 7 बजे से खेला जाएगा।

ग्रुप डी इन दोनों टीमों ने अपने दोनों शुरुआती मैच जीते हैं। अंक तालिका में न्यूजीलैंड पहले और दक्षिण अफ्रीका दूसरे स्थान पर है। शनिवार को होने वाले मैच का परिणाम ग्रुप टॉपर निर्धारित करेगा।

दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड दोनों ने अब तक बेहतरीन क्रिकेट खेली है। इसलिए इन दोनों के बीच रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है, लेकिन आंकड़े दक्षिण अफ्रीका के पक्ष में हैं।

टी20 विश्व कप के इतिहास में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड 4 बार एक दूसरे के आमने-सामने आए हैं। सभी 4 मैच दक्षिण अफ्रीका ने जीते हैं। ऐसे में विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ न्यूजीलैंड को अपनी पहली जीत की तलाश है।

ओवर ऑल टी20 मुकाबलों पर गौर करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 17 मुकाबले खेले गए हैं। दक्षिण अफ्रीका ने 11 मैचों में जीत हासिल की है। न्यूजीलैंड 3 मैचों में विजयी रही है।

न्यूजीलैंड के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाली एक चीज यह है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आखिरी तीन टी20 मैचों में उसे जीत मिली है। इस जीत को वह बरकरार रखने उतरेगी।

वहीं पिछले मैच में दूसरे सुपर ओवर में अफगानिस्तान पर रोमांचक जीत दर्ज करने वाली दक्षिण अफ्रीका भी अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच को बल्लेबाजों के अनुकूल माना जाता है। ऐसे में मैच में रनों की बारिश होने की संभावना है। मैच के दौरान अहमदाबाद का मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना नहीं है।

स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

–आईएएनएस

पीएके

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here