Home खेल डब्ल्यूबीबीएल : एडिलेड स्ट्राइकर्स ने अंतिम गेंद पर जीता मैच, ब्रिस्बेन हीट...

डब्ल्यूबीबीएल : एडिलेड स्ट्राइकर्स ने अंतिम गेंद पर जीता मैच, ब्रिस्बेन हीट की लगातार छठी हार

3
0

एडिलेड, 25 नवंबर (आईएएनएस)। एडिलेड स्ट्राइकर्स ने मंगलवार को करेन रोल्टन ओवल में खेले गए विमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) 2025 के 23वें मुकाबले को अपने नाम किया। इस टीम ने ब्रिस्बेन हीट के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की। यह इस सीजन एडिलेड स्ट्राइकर्स की दूसरी जीत रही।

इस जीत के साथ एडिलेड स्ट्राइकर्स प्वाइंट्स टेबल में छठे पायदान पर पहुंच गई है। इस टीम ने अब तक 6 में से 2 मुकाबले अपने नाम किए हैं। वहीं, ब्रिस्बेन हीट को इस सीजन लगातार छठे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। यह टीम अंकतालिका में सबसे निचले पायदान पर है।

मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ब्रिस्बेन हीट ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 169 रन बनाए।

इस टीम के लिए चार्ली नॉट और विनफील्ड-हिल ने 5.3 ओवरों में 46 रन की साझेदारी की। चार्ली 14 गेंदों में 11 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।

इसके बाद विनफील्ड ने कप्तान जेस जोनासेन के साथ दूसरे विकेट के लिए 41 रन जुटाते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। विनफील्ड 36 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 47 रन बनाकर आउट हुईं। ब्रिस्बेन हीट की टीम 11 ओवरों में 87 रन बनाकर 2 विकेट गंवा चुकी थी।

यहां से जोनासेन ने जॉर्जिया रेडमेन के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 29 गेंदों में 34 रन जुटाए। जोनासेन ने टीम के खाते में 37 रन का योगदान दिया, जबकि रेडमेन 36 रन बनाकर नाबाद रहीं। इनके अलावा, नादिन डी क्लर्क ने 9 गेंदों में 25 रन की तूफानी पारी खेली।

विपक्षी टीम की तरफ से सोफी एक्लेस्टोन और अमांडा-जेड वेलिंगटन ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि जेम्मा बार्सबी ने 1 विकेट निकाला।

इसके जवाब में एडिलेड स्ट्राइकर्स ने मुकाबले की अंतिम गेंद पर जीत दर्ज की। इस टीम को लौरा वोल्वार्ड्ट और टैमी ब्यूमोंट की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने 10 ओवरों में 92 रन की साझेदारी की।

वोल्वार्ड्ट और ब्यूमोंट 51-51 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जबकि ब्रिजेट पैटरसन ने नाबाद 32 रन बनाए। विपक्षी टीम की तरफ से लूसी हैमिल्टन ने 2 विकेट निकाले।

–आईएएनएस

आरएसजी/डीएससी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here