Home मनोरंजन ‘दिल्ली क्राइम 3’ की सफलता का लुत्फ उठा रही शेफाली शाह, बोलीं-...

‘दिल्ली क्राइम 3’ की सफलता का लुत्फ उठा रही शेफाली शाह, बोलीं- ‘दर्शकों का प्यार उम्मीदों से ज्यादा’

2
0

मुंबई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। एक्ट्रेस शेफाली शाह हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज ‘दिल्ली क्राइम सीजन 3’ की सफलता का आनंद उठा रही हैं। दर्शक उनकी दमदार अदाकारी की सराहना कर रहे हैं। इस कड़ी में शेफाली ने दर्शकों का आभार जताया।

शेफाली शाह ने कहा, ”मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे अपने करियर में ऐसे रोल मिले, जिन्होंने न सिर्फ मुझे चुनौती दी, बल्कि दिल की गहराइयों को भी छुआ। ‘दिल्ली क्राइम’ का गंभीर किरदार, ‘डार्लिंग्स’ में निभाया गया जटिल रोल और करियर की शुरुआती फिल्म ‘सत्या’ के अनुभव… इन सभी ने मेरे अभिनय को नई दिशा दी। इन भूमिकाओं को दर्शकों से जितना प्यार मिला, वह मेरी उम्मीदों से कहीं ज्यादा है। हर किरदार ने मुझे एक अलग तरह से बदला, एक कलाकार के रूप में संवारा और यह सफर मेरे लिए बेहद सीखने का अवसर रहा।”

उन्होंने कहा, ”जब मैं अपने सफर के बारे में बात करती हूं, तो मुझे हमेशा याद आता है कि मैंने स्टोरीटेलिंग से प्यार क्यों किया था। मेरे लिए अभिनय सिर्फ काम नहीं, बल्कि एक एहसास है, जो लगातार सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। जब दर्शक मेरे अभिनय को समझते हैं, महसूस करते हैं और उसकी सराहना करते हैं, तो यह एक कलाकार के तौर पर बहुत भावुक और संतोष देने वाला अनुभव होता है। इसी वजह से मैं आईएफपी के प्लेटफॉर्म पर दर्शकों से मिलकर अपने अनुभव साझा करने के लिए उत्साहित हूं।”

बता दें कि आईएफपी महोत्सव में हर साल बॉलीवुड के जाने-माने कलाकार, निर्देशक और उद्योग विशेषज्ञ वक्ता, मेंटर्स और जजों के रूप में शामिल होते हैं। यह नए और स्वतंत्र फिल्म निर्माताओं, लेखकों और कंटेंट क्रिएटर्स को अपना काम दिखाने के लिए एक बड़ा मंच प्रदान करता है। यहां से कई उभरते हुए टैलेंट को बॉलीवुड और ओटीटी प्लेटफार्मों में काम करने का मौका मिलता है।

शेफाली ने कहा कि आईएफपी ने ऐसा माहौल बनाया है जहां कलाकार और दर्शक एक-दूसरे से ईमानदारी के साथ जुड़ते हैं। यह मंच क्रिएटर्स को न सिर्फ अपनी कला दिखाने का अवसर देता है, बल्कि विचारों का ऐसा खुला आदान-प्रदान करवाता है जो उन्हें और भी बेहतर बनाने में मदद करता है। इसी कारण वह इस साल के आयोजन का हिस्सा बनने को लेकर बेहद खुश और रोमांचित हैं।

आईएफपी सीजन 15 इस बार 29 और 30 नवंबर को मुंबई के मशहूर महबूब स्टूडियो में आयोजित होने जा रहा है। यह दो दिन का बड़ा आयोजन देशभर के कलाकारों, फिल्मकारों, कंटेंट क्रिएटर्स और नए प्रयोग करने वाले रचनात्मक लोगों को एक मंच पर लाएगा। हर साल की तरह इस बार भी आईएफपी में ऐसे कई प्रतिभाशाली चेहरे शामिल होंगे, जिनके काम और विचार भारतीय क्रिएटिव इंडस्ट्री का भविष्य तय कर रहे हैं। यह आयोजन उन सभी लोगों के लिए खास है, जो नई कहानियों, नए संगीत, नए विचारों और नए प्रयोगों की तलाश में रहते हैं।

–आईएएनएस

पीके/एबीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here