आजकल की लाइफ़स्टाइल में देर रात तक जागना आम बात हो गई है। काम की वजह से लोग मोबाइल या गैजेट्स में इतने व्यस्त रहते हैं कि पता ही नहीं चलता कि रात के 12 कब बज जाएंगे। ऐसे में शरीर कुछ खाने की मांग करता है। उस समय के लिए प्रयास करने की बजाय जंक या फास्ट फूड का शॉर्टकट अपना लिया जाता है, जो सेहत के लिए नुकसानदेह साबित होता है। ऐसे में हम आपको कुछ विकल्प बताने जा रहे हैं, जिन्हें देर रात भूख लगने पर खाया जा सकता है। स्वाद और पोषक तत्वों से भरपूर ये खाद्य पदार्थ न सिर्फ आपकी भूख मिटाएंगे, बल्कि आपको स्वस्थ भी रखेंगे। आइए जानते हैं इनके बारे में। पोषक तत्वों से भरपूर हैं ये स्नैक्स मखाना यानी फॉक्स नट्स बेहतरीन लो कैलोरी स्नैक्स हैं, जो प्रोटीन, कैल्शियम और एंटी-ऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं। ये पेट को हल्का रखने और बेहतर नींद दिलाने में भी मदद कर सकते हैं। रात को भूख लगने पर मुट्ठी भर भुने हुए मखाने खाएं। ये शरीर को स्वस्थ रखने और वजन को नियंत्रित रखने में भी मददगार साबित हो सकते हैं। नींद में भी मददगार
देर रात भूख लगने पर ओट्स और दूध का सेवन हेल्दी फूड ऑप्शन के तौर पर किया जा सकता है। ओट्स धीरे-धीरे पचने वाले कार्बोहाइड्रेट होते हैं, जो पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराते हैं। इसमें मौजूद फाइबर और बीटा-ग्लूकेन कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करते हैं और नींद को बेहतर बनाते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, इसे खाना न केवल आसान है, बल्कि यह नींद लाने वाले हार्मोन मेलाटोनिन और ट्रिप्टोफैन को भी सक्रिय करता है।
भिगोकर या भूनकर खाएं
रात में भूख लगने पर बादाम खा सकते हैं। मैग्नीशियम, विटामिन ई और हेल्दी फैट से भरपूर इन ड्राई फ्रूट्स को भिगोकर या भूनकर इस्तेमाल किया जा सकता है। ये दोनों ही आपके मुंह का टेस्ट बढ़ाने और भूख को शांत करने में मददगार साबित होंगे। यह आपको स्वस्थ भी रखेंगे।
प्रोटीन से भरपूर
रात में भूख लगने पर अंडा एक ऑप्शन हो सकता है। भूख को शांत करने के लिए उबले अंडे खाए जा सकते हैं। प्रोटीन, हेल्दी फैट और कई जरूरी विटामिन से भरपूर अंडे रात में एक से दो या भूख के हिसाब से खाए जा सकते हैं।
पेट हल्का रहता है, नींद अच्छी आती है
स्नैक के साथ अगर कोई ड्रिंक मिल जाए तो मुंह का स्वाद बदल जाता है। ऐसे में वेजिटेबल सूप एक अच्छा विकल्प है। गर्म सूप शरीर को आराम देने और पेट को हल्का रखने में मदद करता है। सब्जियों में पाए जाने वाले फाइबर, विटामिन सी और एंटी-ऑक्सीडेंट पाचन को बेहतर बनाते हैं और शरीर को हाइड्रेट रखते हैं। ऐसे में रात के समय यह शरीर के लिए ज्यादा कारगर साबित होता है।
ये फल भी हैं विकल्प
फल हमेशा शरीर के पोषण में अहम भूमिका निभाते हैं। साथ ही रात में भूख लगने पर ये एक अच्छा विकल्प हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, देर रात भूख लगने पर कीवी, चेरी जैसे फलों का सेवन किया जा सकता है। ये स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।