ब्रॉक लैसनर को WWE और UFC के इतिहास में सबसे ताकतवर माना जाता है। 48 साल के ब्रॉक लैसनर रेसलिंग की दुनिया में वापसी कर चुके हैं। उन्होंने WWE समरस्लैम 2025 में वापसी करके सबको चौंका दिया। ब्रॉक लैसनर करीब 2 साल बाद रेसलिंग में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने समरस्लैम में जॉन सीना और कोडी रोड्स के बीच खेले गए मैच के बाद एंट्री की और जॉन सीना को नॉकआउट कर दिया। उनकी वापसी की हर तरफ चर्चा हो रही है। ऐसे में आइए जानते हैं ब्रॉक लैसनर की संपत्ति, WWE से मिलने वाली सैलरी, कॉन्ट्रैक्ट और आने वाले मैचों के बारे में।
ब्रॉक लैसनर की कुल संपत्ति कितनी है?
सेलिब्रिटी नेट वर्थ के मुताबिक, 2025 में ब्रॉक लैसनर की संपत्ति 20 मिलियन डॉलर है। जो भारतीय रुपये में करीब 174 करोड़ रुपये है। 2024 में भी उनकी संपत्ति इतनी ही थी। जेनेल ग्रांट मुकदमे के विवाद के बाद भी उनकी संपत्ति में कोई बदलाव नहीं आया है। ब्रॉक लैसनर WWE और UFC के बड़े मैचों से अच्छी-खासी कमाई करते हैं।
इसके अलावा, उन्हें कई कंपनियों से विज्ञापन के लिए भी पैसे मिलते हैं। वह बड़े ब्रांड्स के साथ काम करते हैं। उनका अपना फिटनेस ब्रांड डेथक्लच भी है। इससे भी उनकी अच्छी कमाई होती है। ब्रॉक लैसनर को WWE से सालाना लगभग 50 लाख डॉलर सैलरी मिलती है। जो लगभग 43 करोड़ भारतीय रुपये के बराबर है।
WWE ने ब्रेक के दौरान भी दिए थे पैसे
ब्रॉक लैसनर अभी भी WWE के साथ काम कर रहे हैं। उनका कॉन्ट्रैक्ट रद्द नहीं हुआ है। डेव मेल्टज़र ने रेसलिंग ऑब्ज़र्वर न्यूज़लेटर में बताया कि ब्रॉक लैसनर को कंपनी ने कभी सस्पेंड नहीं किया। WWE से दूर रहने के बावजूद भी उन्हें पूरा पैसा मिलता था। वह घर बैठे सबसे ज़्यादा कमाई करने वाले रेसलर्स में से एक थे।