Home मनोरंजन ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में म्यूजिक और कॉमेडी का तड़का लगाएंगे...

‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में म्यूजिक और कॉमेडी का तड़का लगाएंगे एपी ढिल्लों और अनुभव बस्सी, प्रोमो जारी

1
0

मुंबई, 5 फरवरी (आईएएनएस)। ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ हमेशा अपनी दमदार कॉमेडी और मजेदार पलों के लिए जाना जाता है। इस बार शो में ऐसी जोड़ी देखने को मिलेगी, जो दर्शकों को हंसी और म्यूजिक दोनों का तड़का एक साथ देगी। पंजाबी सिंगर एपी ढिल्लों और स्टैंड-अप कमीडियन अनुभव सिंह बस्सी आने वाले एपिसोड में मेहमान के तौर पर शिरकत करते दिखेंगे। नेटफ्लिक्स इंडिया ने शो का एक प्रोमो जारी किया है।

प्रोमो की शुरुआत कपिल के मजाक से होती है। वह कहते हैं कि आज शो में दो ग्लोबल स्टार आए हैं, पहले एपी ढिल्लों और दूसरा मैं, यानी कपिल शर्मा। इस चुटीले अंदाज को देख बस्सी हंसने लगते हैं।

इसके बाद कपिल दर्शकों को बताते हैं कि एक तरफ इंटरनेशनल स्टेज पर अपने टैलेंट का जलवा दिखाने वाला सिंगर है और दूसरी तरफ ऐसा कमीडियन है, जिसकी बातें भी उतनी ही जोरदार हैं। जैसे-जैसे प्रोमो आगे बढ़ता है, हंसी और मस्ती बढ़ जाती है।

कपिल ने एपी ढिल्लों के कॉन्सर्ट्स का जिक्र किया, जिनकी टिकट्स की कीमत 6 लाख रुपए होती है। इन कॉन्सर्ट्स में मोबाइल-पर्स चोरी होने जैसी खबरों को लेकर कपिल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि स्टेज पर एपी अपना टैलेंट दिखा रहे थे और दर्शक नीचे अपना टैलेंट दिखा रहे थे। इस पर पूरा स्टूडियो हंसकर लोटपोट हो जाता है।

शो में बाकी कॉमेडी किरदारों की एंट्री से मस्ती और बढ़ जाती है। कीकू शारदा छोटे शेख के रूप में आते हैं और कृष्णा अभिषेक बड़े शेख के किरदार में दिखाई देते हैं। दोनों मिलकर माहौल को और मजेदार बनाते हैं। इसके बाद सुनील ग्रोवर अपने नए किरदार डायमंड राजा के रूप में आते हैं, जिससे एपिसोड पूरी तरह से रोमांचक हो जाता है।

इससे पहले के एपिसोड में मशहूर संगीतकार एआर. रहमान पहुंचे थे। उनके साथ अभिनेता विजय सेतुपति, अदिति राव हैदरी और सिद्धार्थ जाधव भी मौजूद थे। शो में कपिल के साथ एक मैसेज पासिंग गेम खेलते हुए ए. आर. रहमान ने कहा कि यह गेम इस बात का सटीक उदाहरण है कि कैसे एक बात एक कान से दूसरे कान तक पहुंचते-पहुंचते पूरी तरह बदल जाती है।

बता दें कि एआर. रहमान अपने हिंदी सिनेमा और सांप्रदायिकता से जुड़े बयान को लेकर विवादों का सामना कर रहे हैं।

–आईएएनएस

पीके/एबीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here