Home खेल नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप: अनंतजीत और दर्शना ने मिक्स्ड टीम स्कीट में साधा...

नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप: अनंतजीत और दर्शना ने मिक्स्ड टीम स्कीट में साधा गोल्ड पर निशाना

1
0

नई दिल्ली, 17 दिसंबर (आईएएनएस)। 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में राजस्थान की टीम के अनंतजीत सिंह नरुका और दर्शना राठौड़ ने सीनियर स्कीट मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। राजस्थान ने रोमांचक मुकाबले में उत्तर प्रदेश को 45-43 से मात दी।

डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में एशियाई चैंपियन अनंतजीत और दर्शना ने मिलकर शानदार प्रदर्शन किया। अनंतजीत ने 21 टारगेट हिट किए, जबकि दर्शना ने 24 टारगेट पर निशाने लगाए। इन खिलाड़ियों ने गोल्ड मेडल मैच में ओलंपियन मैराज अहमद खान (21) और अरीबा खान (22) की उत्तर प्रदेश टीम को हराया।

इससे पहले, राजस्थान ने क्वालिफिकेशन में 143 हिट के साथ बढ़त बनाई थी, जिसमें अनंतजीत ने 73 और दर्शना ने 70 हिट किए थे, जिससे उन्हें सीधे फाइनल में जगह मिली। वहीं, उत्तर प्रदेश ने क्वालिफिकेशन के दौरान शूटआउट में हरियाणा को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी।

दूसरी ओर, हरियाणा की टीम ने मध्य प्रदेश को 41-39 से हराकर सिल्वर मेडल जीता। हरियाणा की टीम से रायजा ढिल्लों (72) ने 21 हिट और ईशान सिंह लिब्रा (70) ने 20 हिट किए। मध्य प्रदेश की टीम चौथे पायदान पर रही, जिसमें ऋतुराज बुंदेला (20) और मानसी रघुवंशी (19) शामिल थे।

जूनियर स्कीट मिक्स्ड टीम इवेंट में तेलंगाना के युवेक बट्टुला और लक्कू वेंकट लक्ष्मी ने 19-19 हिट करके खिताब अपने नाम किया। इस टीम को मध्य प्रदेश ने कड़ी टक्कर दी, जिसमें ज्योतिरादित्य सिसोदिया ने 17 और वंशिका तिवारी ने 20 हिट किए, लेकिन करीबी फाइनल में एक प्वाइंट्स से चूक गए।

पंजाब ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस टीम में हरमेहर सिंह लल्ली और परमीत कौर ने 40 हिट करके तीसरा स्थान हासिल किया। पंजाब ने यशस्वी राठौर और यशवर्धन एस राजावत की राजस्थान टीम को शिकस्त दी, जिन्होंने 39 हिट्स किए थे।

गुरुवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के 10मीटर एयर पिस्टल महिला का फाइनल खेला जाएगा।

–आईएएनएस

आरएसजी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here