गॉसिप न्यूज़ डेस्क – बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर 16 जनवरी को सुबह 2.30 बजे उनके घर में एक अज्ञात शख्स ने हमला कर दिया। उसने एक्टर पर छह बार चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद से मुंबई पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। वहीं, अब मुंबई पुलिस को इसमें सफलता मिली है। दरअसल, मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
हमारे सहयोगी चैनल जी के मुताबिक, आरोपी की पहचान विजय दास के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे चैनल आरोपी का नाम मोहम्मद आलियान बता रहे हैं। हालांकि, पुलिस के बयान से ही पक्के तौर पर कहा जा सकता है कि आरोपी का असली नाम क्या है। आरोपी को महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया गया है और उसने कबूल किया है कि उसने ही सैफ के घर पर हमला किया था। आपको बता दें कि पिछले तीन दिनों से मुंबई पुलिस लगातार 35 टीमें बनाकर आरोपी की तलाश कर रही थी।
गिरफ्तारी के बाद होंगे कई खुलासे जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि आरोपी पहले ठाणे के एक होटल में काम करता था। मुंबई पुलिस को अपनी तलाश में तब सफलता मिली जब उन्होंने उसे हीरानंदानी एस्टेट में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर ट्रैक किया। वहां वह घनी झाड़ियों में छिपा हुआ था। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर बांद्रा पुलिस को सौंप दिया गया। सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उसकी कस्टडी की मांग करेगी। इस गिरफ्तारी के बाद मामले में कई खुलासे होने की उम्मीद है। वहीं, शनिवार को भी छत्तीसगढ़ से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा मध्य प्रदेश में एक और संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया था। कयास लगाए जा रहे थे कि उसने सैफ अली पर हमला किया था। हालांकि, पुलिस ने इससे इनकार किया था। पुलिस ने बताया था कि उसे किसी दूसरे मामले में गिरफ्तार किया गया है।
जानिए पूरा मामला
आपको बता दें कि गुरुवार सुबह 2.30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति सैफ अली खान के घर में घुसा। वह सबसे पहले एक्टर के छोटे बेटे जेह के कमरे में गया, जहां उसकी नैनी से बहस हुई और उसने एक करोड़ रुपये की मांग की। नानी के बयान के मुताबिक, वह जेह को लेकर चिल्लाते हुए कमरे से बाहर आईं, तभी सैफ और करीना वहां पहुंचे, जिसके बाद सैफ ने हमलावर को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने एक्टर पर छह बार चाकू से हमला किया और भाग गया। इस घटना के बाद एक्टर को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी रीढ़ की हड्डी से चाकू का टुकड़ा निकाला गया। फिलहाल सैफ की हालत बेहतर है।