Home खेल पहले ओवर में 1 रन देकर चटकाए 2 विकेट, CPL में शाहरुख...

पहले ओवर में 1 रन देकर चटकाए 2 विकेट, CPL में शाहरुख खान की टीम के लिए पाकिस्तानी गेंदबाज का कहर, अबतक 2 बार ले चुका है संन्यास

7
0

कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के मोहम्मद आमिर ने अपनी घातक गेंदबाजी से तहलका मचा दिया। आमिर ने अपने पहले ही ओवर में सिर्फ 1 रन देकर 2 बल्लेबाजों के विकेट चटकाए। ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए पहला ओवर फेंकने आए आमिर को लेग बाई के तौर पर भी 1 रन मिला। इस तरह 33 वर्षीय पूर्व पाकिस्तानी गेंदबाज ने एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स के खिलाफ अपनी आतिशी गेंदबाजी से कोहराम मचा दिया।

इस मैच की बात करें तो, मोहम्मद आमिर ने नाइट राइडर्स के लिए अपने चार ओवर के स्पेल में 22 रन देकर 3 विकेट लिए। उनकी दमदार गेंदबाजी की बदौलत नाइट राइडर्स टीम ने आसानी से जीत हासिल कर ली। मोहम्मद आमिर को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

क्या रहा मैच का हाल?

इस मैच की बात करें तो, ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने कप्तान निकोलस पूरन के फैसले को सही साबित किया। आमिर ने खतरनाक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट लिए। उनकी घातक गेंदबाजी की बदौलत एंटीगुआ 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 146 रन ही बना सका। आमिर को अकील हुसैन और आंद्रे रसेल का अच्छा साथ मिला। हुसैन ने 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट और रसेल ने 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट लिए।

एंटीगुआ के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ज्वेल एंड्रयू ने 31 गेंदों में 40 रन, कप्तान इमाद वसीम ने 25 गेंदों में नाबाद 37 रन और ओसामा मीर ने 26 गेंदों में 34 रन बनाए। ट्रिनबागो नाइट राइडर्स को 147 रनों का लक्ष्य हासिल करने में कोई परेशानी नहीं हुई। टीम ने 18.4 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 152 रन बनाकर मैच 8 विकेट से जीत लिया। टीम के लिए सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स ने 46 गेंदों में 6 चौकों की मदद से नाबाद 55 रन और केसी कार्टी ने 45 गेंदों में 60 रन बनाए। गेंदबाजी में एंटीगुआ के लिए जेडन सिल्स और शाकिब अल हसन ने 1-1 विकेट लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here