Home मनोरंजन फिल्म ‘जेठानी की अरेंज मैरिज, देवरानी की लव मैरिज’ का ट्रेलर रिलीज,...

फिल्म ‘जेठानी की अरेंज मैरिज, देवरानी की लव मैरिज’ का ट्रेलर रिलीज, दिखा स्मृति का खास अंदाज

1
0

मुंबई, 21 फरवरी (आईएएनएस)। भोजपुरी सिनेमा अपनी पारिवारिक कहानियों और हल्क-फुल्के हास्य के लिए दर्शकों के बीच खास लोकप्रिय है। इसी को आगे बढ़ाते हुए जल्द ही फिल्म ‘जेठानी की अरेंज मैरिज, देवरानी की लव मैरिज’ रिलीज होगी। मेकर्स ने शनिवार को फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया है।

यह फिल्म परिवार में जेठानी और देवरानी के बीच होने वाली नोकझोंक को मजेदार अंदाज में पेश करती है। 4 मिनट 54 सेकंड के ट्रेलर की शुरुआत घर की बड़ी बहू से होती है, जो घर के सारे काम संभालने के साथ-साथ ट्यूशन भी पढ़ाती है। हालांकि, फिर भी उसकी सास घर के काम को लेकर उसे परेशान करती रहती है। एक दिन वह तनख्वा अपनी सास को देती है तो उसकी सास उससे रुपए कम के लिए पूछती है, जिससे वह कहती है कि इस बार पापा को रुपए चाहिए थे तो मैंने उन्हें दे दिए थे।

कहानी तब मोड़ लेती है, जब उसके देवर की लव मैरिज करवाई जाती है। उसकी पत्नी (देवरानी) सरकारी नौकरी वाली है। वह घरेलू कामों में ज्यादा दिलचस्पी नहीं लेती। इसके बजाय वह अपने पति के साथ बाहर घूमती है, अलग-अलग जगहों पर खाना खाती है, जिससे मोहल्ले वाले तरह-तरह की बातें बनाने लगते हैं। इस व्यवहार से परिवार में तनाव बढ़ता जाता है।

कहानी में विवाद तब चरम पर पहुंच जाता है, जब जेठानी गुस्से में आकर देवरानी को थप्पड़ मार देती है। इसके बाद देवरानी गुस्से में अपने मायके चली जाती है। ट्रेलर में इन सभी घटनाओं को हास्य और भावुकता के मिश्रण से पेश किया गया है, जो भोजपुरी दर्शकों को खूब पसंद आने वाला है।

यह एक पारिवारिक ड्रामा फिल्म है, जिसके निर्माता संदीप सिंह और नीलाभ तिवारी हैं। प्रवीण कुमार गुडुरी द्वारा निर्देशित इस फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। यह कहानी पारिवारिक मूल्यों और विवाह की दो अलग-अलग परंपराओं पर आधारित है।

फिल्म में अभिनेत्री स्मृति के अलावा, प्रवीण कुमार, डिम्पल सिंह, अथवा नाहर, लाडो मधेसिया, अनूप अरोरा, संतोष श्रीवास्तव, सृष्टि पाठक, श्रद्धा नवल, और निशा तिवारी समेत कई कलाकार अहम रोल में नजर आ रहे हैं।

–आईएएनएस

एनएस/डीकेपी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here