Home मनोरंजन बचपन की तस्वीरों में छुपा है श्रुति हासन का मिजाज, अभिनेत्री ने...

बचपन की तस्वीरों में छुपा है श्रुति हासन का मिजाज, अभिनेत्री ने लिखा, ‘तस्वीरें सब बयां करती हैं’

1
0

मुंबई, 13 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेत्री श्रुति हासन अपने शानदार अभिनय से न सिर्फ साउथ सिनेमा, बल्कि बॉलीवुड में भी राज करती हैं। उन्होंने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर एक मजेदार और नॉस्टेल्जिक वीडियो पोस्ट किया।

इस वीडियो में उनके बचपन से लेकर अब तक की तस्वीरें शामिल हैं। वहीं, श्रुति ने वीडियो में लिखा, “किसी लड़की के बचपन की तस्वीरों से उसके स्वभाव और व्यक्तित्व की झलक साफ दिखाई देती है।”

अभिनेत्री ने पोस्ट कर लिखा, “मैं तो हमेशा से ही बहुत मूडी रही हूं, हाहा।”

श्रुति का यह पोस्ट फैंस को काफी पसंद आ रहा है। कई यूजर्स उनके कमेंट सेक्शन पर शानदार प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

श्रुति सिर्फ अभिनेत्री होने के साथ-साथ गायिका और संगीतकार भी हैं, जिन्होंने तमिल, तेलुगु और हिंदी सिनेमा में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करवाई। इस बात से बहुत कम लोग वाकिफ हैं, लेकिन श्रुति ने अपने करियर की शुरुआत अभिनेत्री के रूप में नहीं, बल्कि गायिका और संगीतकार के रूप में की थी। उन्होंने महज छह साल की उम्र में ही अपने पिता की फिल्म थेवर मगन (1992) में पहला गाना गाया था। इसके बाद उन्होंने हिंदी फिल्म ‘चाची 420’ (1997) में भी गायन किया। साल 2000 में कमल हासन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हे राम’ में उन्होंने बाल कलाकार के रूप में अतिथि भूमिका निभाई और उसी फिल्म के लिए हिंदी और तमिल में टाइटल थीम ‘रामा रामा’ भी गाया था।

अभिनेत्री जल्द ही फिल्म निर्देशक पवन सादिनेनी की फिल्म ‘आकासमलो ओका तारा’ में नजर आएंगी। फिल्म में अभिनेत्री के साथ दुलकर सलमान और सत्विका वीरवल्ली अहम भूमिका में नजर आएंगी।

फिल्म को गीता आर्ट्स और स्वप्ना सिनेमा ने प्रस्तुत किया है। इसके प्रोड्यूसर संदीप गुन्नम और रम्या गुन्नम हैं। यह एक एडवेंचर-ड्रामा फिल्म है। श्रुति के जन्मदिन पर फिल्म का पहला पोस्टर जारी किया गया था।

फिल्म को पैन-इंडिया में रिलीज होने की उम्मीदें जताई जा रही हैं। हालांकि, अभी तक इसकी कोई साफ तौर पर पुष्टि नहीं की गई है। इसी के साथ ही श्रुति ने एसएस राजामौली की मेगा बजट फिल्म ‘वाराणसी’ के लिए म्यूजिक कंपोजर एमएम कीरवानी के साथ मिलकर गाने को आवाज दी है।

–आईएएनएस

एनएस/डीकेपी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here