Home खेल बाबर आजम पर माइक हसन के बयान का फाफ डू प्लेसिस ने...

बाबर आजम पर माइक हसन के बयान का फाफ डू प्लेसिस ने किया समर्थन

1
0

नई दिल्ली, 22 फरवरी (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान फाफ डू प्लेसिस का मानना है कि बाबर आजम स्ट्राइक रेट के मामले में पीछे रह गए हैं। अपने इस बयान से कहीं न कहीं उन्होंने पाकिस्तान के हेड कोच माइक हसन के बयान का समर्थन किया है।

माइक हसन ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कुछ दिन पहले कहा था, “हमने टी20 विश्व कप में बाबर आजम को टॉप ऑर्डर में बैटिंग के लिए नहीं भेजने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि दाएं हाथ के इस खिलाड़ी का स्ट्राइक रेट मॉडर्न पावरप्ले गेम की जरूरतों के हिसाब से नहीं है।”

पूर्व में टी20 में पाकिस्तान के लिए पारी की शुरुआत करने वाले बाबर विश्व कप में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनके बल्ले से रन नहीं निकल रहे हैं। विश्व कप में महज 22 की औसत से बाबर ने 66 रन बनाए हैं। स्ट्राइक रेट और फॉर्म को लेकर वह आलोचना का शिकार हो रहे हैं।

डु प्लेसिस ने ईएसपीएनक्रिकइंफों से बात करते हुए कहा, “बाबर को हम बहुत लंबे समय से दुनिया के सबसे अच्छे खिलाड़ियों में से एक के रूप में जानते हैं। मुझे लगता है कि टी20 क्रिकेट का खेल इतनी तेजी से आगे बढ़ा है और स्ट्राइक रेट की ओर बढ़ा है कि वह स्ट्राइक रेट के मामले में थोड़ा पीछे रह गया है।”

डु प्लेसिस ने कहा, “बाबर का स्ट्राइक रेट 120 के करीब है, जबकि पिछले कुछ वर्षों में निश्चित रूप से पावर प्ले में खेल बहुत आगे बढ़ गया है। अब आपको पहले छह ओवरों में 160-190 या 200 के स्ट्राइक रेट से खेलना होगा।”

दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज ने कहा कि बाबर टीम में जगह के हकदार हैं। वह स्पिन होती पिचों पर अच्छा कर सकते हैं। वह स्ट्राइक रोटेट कर सकते हैं।

हालांकि, पिछले कुछ समय से बाबर को स्पिनरों के खिलाफ भी संघर्ष करते हुए देखा गया है।

–आईएएनएस

पीएके

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here