Home मनोरंजन बिहार: पटना में ‘अस्सी’ का हाउसफुल प्रीमियर, दर्शकों की गूंजी तालियां, कहा-...

बिहार: पटना में ‘अस्सी’ का हाउसफुल प्रीमियर, दर्शकों की गूंजी तालियां, कहा- ‘फिल्म तो गरदा बा’

1
0

पटना, 16 फरवरी (आईएएनएस)। फिल्म निर्देशक अनुभव सिन्हा अपनी आगामी फिल्म ‘अस्सी’ के साथ एक बार फिर एक गंभीर सामाजिक विषय को बड़े पर्दे पर लेकर लौटे हैं। तापसी पन्नू, कानी कुश्रुति, रेवथी, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा और मोहम्मद जीशान अयूब अभिनीत इस फिल्म का सोमवार शाम पटना के एक थियेटर में हाउसफुल प्रीमियर आयोजित किया गया।

प्रीमियर में शिक्षा जगत की जानी-मानी हस्ती और शिक्षण संस्थान ‘सुपर 30’ के संस्थापक आनंद कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। दर्शकों की भारी भीड़ और उत्साह ने यह साबित कर दिया कि पटना में सार्थक सिनेमा के लिए एक अलग ही जगह है।

प्रीमियर के दौरान तापसी पन्नू ने दर्शकों का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे विषयों पर फिल्में तभी बन पाती हैं जब दर्शक सिनेमाघरों तक पहुंचकर उनका समर्थन करते हैं।

उन्होंने अपील की कि अगर लोगों को फिल्म और उसमें उठाए गए मुद्दे पसंद आएं, तो वे इसके बारे में दूसरों को भी बताएं। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के दर्शक गंभीर और संवेदनशील विषयों को समझते हैं और सराहते हैं।

अनुभव सिन्हा और गौरव सोलंकी द्वारा लिखित अस्सी एक वकील की कहानी है, जो एक क्रूर दुष्‍कर्म मामले की कानूनी लड़ाई लड़ती है। अदालत में वह यह तर्क रखती है कि देश में एक ही दिन में 80 दुष्‍कर्म के मामले दर्ज होते हैं, और यही इस फिल्म के शीर्षक का आधार है।

फिल्म के अंत में पूरा हॉल तालियों की गूंज से भर गया। कई दर्शकों ने बाहर निकलते हुए कहा, “फिल्म तो गरदा बा।”

दर्शकों ने फिल्म की कहानी, अभिनय और विषय की गंभीरता की खुलकर सराहना की। पटना का यह प्रीमियर सिर्फ एक फिल्म की स्क्रीनिंग नहीं था, बल्कि एक ऐसी शाम थी जिसने समाज से जुड़े एक अहम मुद्दे पर सोचने और बात करने का अवसर दिया। फिल्म के कलाकारों ने कहा कि हम लोगों ने पूरी मेहनत से फिल्म की है। अब दर्शक इसे आगे ले जाएं।

–आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here