बॉलीवुड की दुनिया जितनी ग्लैमरस है, उतनी ही रहस्यमयी भी। कुछ सितारे इस इंडस्ट्री में खूब नाम कमाते हैं, तो कुछ का करियर शुरू होते ही खत्म हो जाता है। लेकिन कुछ कलाकार ऐसे भी हैं, जिन्होंने शोहरत की बुलंदियों को छूने के बाद अचानक गायब होकर सबको चौंका दिया। न परिवार वालों को पता, न दोस्तों को, इन सितारों का इस तरह गायब होना आज भी एक रहस्य बना हुआ है। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ गायब कलाकारों के बारे में जो 20-30 सालों से लापता हैं और उनके प्रशंसक आज भी उनकी वापसी का इंतज़ार कर रहे हैं।
‘वीराना’ की रहस्यमयी नायिका जैस्मीन धुन्ना
1988 की हॉरर फिल्म वीराना से सुर्खियों में आईं जैस्मीन धुन्ना को आज भी उनके बोल्ड लुक और रहस्यमयी किरदारों के लिए याद किया जाता है। लेकिन वीराना की सफलता के बाद जैस्मीन अचानक फिल्म इंडस्ट्री से गायब हो गईं। कुछ खबरों के मुताबिक, अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम उनकी खूबसूरती पर फिदा हो गया था और उसके गुर्गों ने उनका पीछा किया। बार-बार धमकी भरे कॉल आने से परेशान होकर उन्होंने घर से निकलना बंद कर दिया और बाद में देश छोड़ दिया। कई सालों तक कोई जानकारी नहीं मिली, लेकिन 2017 में रामसे ब्रदर्स के श्याम रामसे ने दावा किया कि जैस्मीन मुंबई में हैं, लेकिन उन्होंने खुद को लाइमलाइट से दूर कर लिया है। वहीं, अभिनेता हेमंत बिरजे ने कहा कि जैस्मीन ने अमेरिका में शादी कर ली है और अब वहीं रहती हैं।
हिट फ़िल्में देने के बाद गायब हुए राज किरण
80 के दशक के लोकप्रिय अभिनेता राज किरण ने ‘बसेरा’, ‘अर्थ’, ‘घर एक मंदिर’ जैसी फ़िल्मों में बेहतरीन अभिनय किया था। लेकिन करियर में गिरावट के बाद वे अवसाद में चले गए और 2000 के दशक की शुरुआत में उन्हें एक मानसिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद वे पूरी तरह से गायब हो गए। न परिवार, न दोस्त, किसी को नहीं पता कि अब वे कहाँ हैं। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया कि वे न्यूयॉर्क में टैक्सी चला रहे हैं, जबकि ऋषि कपूर ने कहा कि वे अमेरिका के एक मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में हैं। दीप्ति नवल ने भी उन्हें अमेरिका में देखने की बात कही थी। आज भी उनके परिवार को उनके बारे में कोई खबर नहीं है।
विशाल ठक्कर फिल्म देखने नहीं गए
‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’, ‘चाँदनी बार’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके अभिनेता विशाल ठक्कर 2016 से लापता हैं। बताया जाता है कि वह एक फिल्म देखने गए थे और फिर घर नहीं लौटे। उनकी माँ ने बताया कि उस रात विशाल ने अपने पिता को मैसेज किया था कि वह एक पार्टी में जा रहे हैं और कल आएँगे, लेकिन अगली सुबह से उनका कोई पता नहीं चला। उनके पास सिर्फ़ ₹500 थे। 9 साल बीत गए, लेकिन परिवार आज भी उनका इंतज़ार कर रहा है। इस घटना से कुछ महीने पहले, अभिनेता का अपनी गर्लफ्रेंड से झगड़ा हुआ था और उन पर बलात्कार का आरोप भी लगा था, जिससे वह काफी परेशान थे।
ऋषि कपूर की को-स्टार काजल किरण
फिल्म ‘हम किसी से कम नहीं’ में ऋषि कपूर के साथ नज़र आईं काजल किरण को कौन भूल सकता है? काजल, जिनका असली नाम सुनीता कुलकर्णी है, ने 90 के दशक में ‘आखिरी संघर्ष’ जैसी फिल्मों में काम किया था, लेकिन 1997 के बाद वह पूरी तरह से गायब हो गईं। 2016 में खुद ऋषि कपूर ने सोशल मीडिया पर पूछा था कि काजल किरण अब कहाँ और कैसी हैं, लेकिन उन्हें भी कोई जवाब नहीं मिला। 27 सालों से काजल की कोई खबर नहीं है।
‘राज’ अभिनेत्री मालिनी शर्मा
बिपाशा बसु और डिनो मोरिया अभिनीत सुपरहिट फिल्म ‘राज’ में भूतनी के रूप में मालिनी शर्मा के अभिनय को लोगों ने खूब सराहा था। लेकिन इस फिल्म के तुरंत बाद मालिनी ने इंडस्ट्री छोड़ दी और आज तक कहीं नज़र नहीं आईं। उनकी पहली फिल्म हिट रही, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने ग्लैमर की दुनिया को अलविदा कह दिया। अब वे कहाँ हैं, क्या कर रही हैं, किसी को कोई जानकारी नहीं है।








