Home खेल ब्रेंडन मैकुलम से प्रेरणा लेती है टीम, कोच के रूप में उन्हें...

ब्रेंडन मैकुलम से प्रेरणा लेती है टीम, कोच के रूप में उन्हें मेरा समर्थन: हैरी ब्रूक

1
0

मुंबई, 6 मार्च (आईएएनएस)। इंग्लैंड क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गई है। गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को भारत से हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड की हार के बाद सबसे ज्यादा आलोचना का शिकार टीम के हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम हैं। बतौर कोच मैकुलम के भविष्य पर सवाल उठने लगे हैं।

आलोचना के बीच ब्रेंडन मैकुलम को इंग्लैंड टीम के कप्तान हैरी ब्रूक का समर्थन मिला है। ब्रूक मैकुलम को इंग्लैंड का हेड कोच बनाए रखने के पक्ष में हैं।

भारत के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले के बाद हुए प्रेस कांफ्रेंस में हैरी ब्रूक ने कहा कि अगर ईसीबी ब्रेंडन मैकुलम को हेड कोच बनाए रखने के बारे में उनकी राय पूछेगी तो वह निश्चित रूप से उनके पक्ष में अपनी राय रखेंगे।

ब्रूक ने कहा, “जिस तरह से वह सबसे बात करते हैं, जिस तरह से ड्रेसिंग रूम में उनका एक औरा है, हर कोई उनसे प्रेरणा लेता है। पिछले चार सालों में उन्होंने जो कुछ किया है, उसने इंग्लिश क्रिकेट को उम्मीद दी है और बहुत कुछ अच्छा हुआ है।”

कप्तान का समर्थन कोच के रूप में ब्रेंडन मैकुलम के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। देखना होगा ईसीबी मैकुलम पर क्या फैसला लेती है।

टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के सफर की शुरूआत निराशाजनक रही थी। ग्रुप स्टेज के पहले मैच में नेपाल के खिलाफ करीबी जीत के बाद टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बाद इंग्लैंड ने बिना कोई मैच गंवाए सुपर-8 में जगह बनाई। सुपर-8 में इंग्लैंड ने पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और श्रीलंका को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। सेमीफाइनल में भी इंग्लैंड हार जरूर गई, लेकिन लड़कर हारी। 254 रन का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 246 रन बना लिए थे। इसलिए टी20 विश्व कप में इंग्लैंड का प्रदर्शन तुलनात्मक रूप से अच्छा रहा है।

–आईएएनएस

पीएके

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here