Home खेल भारतीय टीम के सामने पाकिस्तान बहुत कमजोर: धोनी के कोच एमपी सिंह

भारतीय टीम के सामने पाकिस्तान बहुत कमजोर: धोनी के कोच एमपी सिंह

1
0

नई दिल्ली, 15 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच कुछ घंटे के बाद रोमांचक मुकाबला होने वाला है। आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में होने वाले इस मैच पर बारिश का खतरा है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के बचपन के कोच एमपी सिंह ने टीम इंडिया को इस मैच में जीत का दावेदार बताया है।

आईएएनएस के साथ खास बातचीत करते हुए एमपी सिंह ने कहा, “टी20 में कोई गुंजाइश नहीं होती है। दो टीमों में से कोई भी टीम कागज पर मजबूत हो या कमजोर हो, अगर एक-दो ओवर रन पड़ गए, या आप एक-दो ओवर रन नहीं बना पाए, या कुछ कैच छूट गए तो मैच हाथ से फिसल सकता है। वैसे पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम बहुत मजबूत है। मैं भारतीय होने के नाते ऐसा नहीं कह रहा, बल्कि वास्तव में कागज पर हम बेहतर हैं। हमारी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण उनसे बेहतर हैं।”

भारतीय टीम में सुधार की गुंजाइश पर उन्होंने कहा कि हर गेंद पर बड़े शॉट लगाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। विपक्षी टीम भी विश्व कप खेलने आई है। आपको अच्छी गेंद को सम्मान देना होगा।

यूएसए के खिलाफ मैच में भारतीय टीम को हुई मुश्किल पर एमपी सिंह ने कहा कि, “नई टीम को हमें हल्के में नहीं लेना चाहिए। यूएसए में भी भारतीय खिलाड़ी भरे हुए हैं। हमें हर मैच को योजना बनाकर और उसी के मुताबिक खेलना चाहिए।”

आर. प्रेमदासा स्टेडियम के बारे में उन्होंने कहा कि भारतीय स्टेडियमों के मुकाबले वहां ज्यादा नमी है। वहां स्विंग देखने को ज्यादा मिलेगी। पाकिस्तान टीम वहां पहले से मौजूद है, तो हो सकता है कि उन्होंने कंडीशन के मुताबिक कोई योजना बनाई हो, लेकिन हमारे बल्लेबाज और गेंदबाज कम नहीं हैं।

अभिषेक शर्मा की भूमिका से जुड़े सवाल पर एम पी सिंह ने कहा, “हमें किसी खास खिलाड़ी पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। हमारे पास कम से कम छठे नंबर तक अच्छी बल्लेबाजी है। मैच जीतने के लिए हमें पूरे बीस ओवर खेलना होगा और सभी बल्लेबाजों को प्रदर्शन करना होगा।”

एम पी सिंह ने कहा कि आर. प्रेमदासा की पिच भारतीय पिचों के मुकाबले थोड़ी धीमी है। आप बड़े स्कोर की उम्मीद नहीं कर सकते हैं, लेकिन अगर आप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल रहे हैं तो आपको परिस्थितियों के मुताबिक खुद को ढालना होगा।

दिग्गज कोच ने कहा कि मैं चाहता हूं कि एक अच्छा मैच हो और भारतीय टीम जीते।

–आईएएनएस

पीएके

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here