Home मनोरंजन ‘भारत जिंदाबाद यात्रा’ में शामिल हुए मुकेश खन्ना, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर सवाल...

‘भारत जिंदाबाद यात्रा’ में शामिल हुए मुकेश खन्ना, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर सवाल उठाने वालों पर भड़के

6
0

मुंबई, 29 मई (आईएएनएस)। भारतीय रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने गुरुवार को मुंबई में ‘भारत जिंदाबाद यात्रा’ निकाली, जिसमें ‘शक्तिमान’ फेम अभिनेता मुकेश खन्ना भी शामिल हुए।

रामदास आठवले के नेतृत्व में ‘भारत जिंदाबाद यात्रा’ निकाली गई, जिसमें शामिल हुए अभिनेता मुकेश खन्ना ने कहा, “ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर कांग्रेस पार्टी के नेता जो सवाल उठा रहे हैं, वे मूर्ख हैं। मैं शक्तिमान होता तो दो मिनट में सारी समस्या हल कर देता और इन्हें जवाब देता।”

उन्होंने बताया, “आठवले जी ने बहुत अच्छा काम किया है और यही काम देश के हर निवासी को करना चाहिए। पाकिस्तान आतंकवाद को हमेशा से समर्थन देता आया है। उन्होंने आतंकवाद को बढ़ावा दिया और कई लोगों को मारा है। अब पानी नाक से ऊपर जा चुका है। उन्होंने पहलगाम में जो कुछ भी किया, उसका बदला केवल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ है। उन्होंने सिंदूरों को उजाड़ा है, ऐसे में पीएम मोदी ने जो भी कदम उठाया, वह सही है। मेरे हिसाब से अभी बहुत कुछ करना है। आतंकवादियों ने जो भी किया, उन्हें सबक सिखाने के लिए और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का समर्थन करने के लिए विपक्ष को सामने आना चाहिए।”

रामदास आठवले ने कहा, “आज जो यह यात्रा निकाली गई है, यह उन नौजवानों के अभिनंदन के लिए है, जिन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को सफल बनाने का काम किया। यह देश के जवानों के लिए है, जिन्होंने आतंकवादियों को कड़ा सबक सिखाया। हमने पाकिस्तान को जवाब दे दिया है। अब किसी को भी जवाब देने की आवश्यकता नहीं है।”

‘ऑपरेशन सिंदूर’ की तारीफ करते हुए रामदास आठवले ने कहा, “देश में जो यात्रा निकाली गई, वह भारतीय सेना के उन जवानों को सम्मान देने के लिए है, जिन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को सफल बनाया। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले का जवाब देते हुए पाकिस्तान और पीओके (पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर) में आतंकी ठिकानों को नष्ट किया।” उन्होंने इसे सेना की बहादुरी और आतंकवाद के खिलाफ मजबूत कार्रवाई बताया।

उन्होंने कहा, “भारत ने इस ऑपरेशन के जरिए पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। हमें अब किसी को भी जवाब देने की जरूरत नहीं है।”

रामदास आठवले ने देश की अर्थव्यवस्था की प्रगति की तारीफ करते हुए कहा, “यूपीए (कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार) के समय देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में 10वें नंबर पर थी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 साल के शासन में भारत पांचवें नंबर पर पहुंच गया और हाल ही में जापान को पीछे छोड़कर चौथे नंबर पर पहुंच गया।”

–आईएएनएस

एमटी/एकेजे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here