Home मनोरंजन महात्मा और गांधी में मौजूद एक इंसान की कहानी है मेरी वेब...

महात्मा और गांधी में मौजूद एक इंसान की कहानी है मेरी वेब सीरीज: हंसल मेहता

4
0

मुंबई, 29 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई में शुक्रवार आयोजित 15वें आईएफपी फिल्म फेस्टिवल में मशहूर फिल्म निर्देशक हंसल मेहता पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी आने वाली वेब सीरीज गांधी को लेकर बात की।

हंसल मेहता ने बताया कि महात्मा और गांधी, दोनों में फर्क है। अब तक गांधी को या तो भगवान की तरह दिखाया गया है या कुछ लोग उन्हें पूरी तरह गलत साबित करने की कोशिश करते रहे हैं। हमने गांधी को अब तक सिर्फ महात्मा के रूप में ही देखा है, लेकिन इन दोनों के बीच कहीं न कहीं इंसान भी तो था। हमारी वेब सीरीज में उस इंसान की कहानी है।

निर्देशक का कहना है कि फिल्म मेकर्स ने अभी तक महात्मा की कहानी को दिखाया है। कोई भी फिल्म या सीरीज उन्हें एक आम इंसान की तरह नहीं दिखा पाई है। इस सीरीज के जरिए हमारी ये कोशिश रहेगी कि दर्शक महात्मा को नहीं बल्कि गांधी को जानें। एक ऐसा इंसान जो गलतियां भी करता था, कमजोरियां भी थीं, लेकिन अपनी जीवन यात्रा में लगातार बेहतर इंसान बनता गया।

उन्होंने आगे कहा, “हम भी तो आम इंसान हैं। हम सब में अच्छाई और बुराई दोनों हैं। जब हम किसी आम आदमी की कहानी को देखते हैं, तो उससे सीखते हैं। ठीक वैसे ही मोहन की कहानी से हमें बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। उनकी यात्रा सचमुच बहुत प्रेरणादायक है।”

निर्देशक ने स्क्रिप्ट लिखने और फिल्म बनाने की प्रक्रिया पर बातें करते हुए कहा, “किसी भी कहानी को बताने में सबसे ज्यादा जरूरी है कि सहानुभूति, लेकिन आखिर में एक लेखक के तौर पर मैं स्क्रीनप्ले ही लिखता हूं।

उन्होंने आगे कहा, “असल जिंदगी में किसी व्यक्ति के साथ कई घटनाएं हो जाती हैं, लेकिन फिल्म में हम सिर्फ वही घटना चुनते हैं ताकि सफर को सही से व्यक्त कर सकें। फिर निर्देशक के तौर पर उस स्क्रिप्ट को सिनेमाई भाषा में ढालना पड़ता है ताकि दर्शक उस कहानी से जुड़ सकें और कुछ लेकर घर लौटें।”

–आईएएनएस

एनएस/वीसी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here