पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते तनावपूर्ण हो गए हैं। भारत ने अपने पड़ोसी के खिलाफ कई कदम उठाए हैं। इनमें पाकिस्तानी हस्तियों के सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रतिबंध लगाने जैसी कार्रवाई भी शामिल है। हालांकि बुधवार को उनके अकाउंट अनब्लॉक कर दिए गए थे, लेकिन एक दिन बाद उन्हें फिर से ब्लॉक कर दिया गया।
गुरुवार सुबह से ही शाहिद अफरीदी, मावरा होकेन, युमना जैदी, हनिया आमिर और फवाद खान जैसे लोकप्रिय सितारों के इंस्टाग्राम और ट्विटर अकाउंट भारतीय यूजर्स के लिए प्रतिबंधित कर दिए गए हैं। बुधवार को कुछ घंटों के लिए इन सितारों के अकाउंट भारत में फिर से दिखाई दिए, जिससे यह संकेत मिला कि सोशल मीडिया पर प्रतिबंध हटा लिया गया है। लेकिन गुरुवार सुबह तक भारतीय यूजर्स को इंस्टाग्राम पर यह मैसेज दिखने लगा, जिसमें लिखा था, ‘यह अकाउंट भारत में उपलब्ध नहीं है। ऐसा इसलिए है क्योंकि हमने इस कंटेंट को प्रतिबंधित करने के कानूनी अनुरोध का अनुपालन किया है।’
प्रतिबंध हटाने या फिर से लागू करने के बारे में सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि यह कदम स्थायी है या अस्थायी। पाकिस्तानी हस्तियों पर प्रतिबंध भारत के सैन्य अभियान ऑपरेशन सिंदूर के बाद लगाया गया था। भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। आतंकियों के खिलाफ भारत द्वारा उठाए गए कदमों की सोशल मीडिया पर कई पाकिस्तानी हस्तियों ने आलोचना की थी, जिसके बाद उनके अकाउंट भारतीय यूजर्स के लिए ब्लॉक कर दिए गए थे। बुधवार को अचानक जब ये अकाउंट वापस आए तो फैन्स हैरान रह गए और सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हुई। लेकिन एक दिन बाद ही फिर से बैन लागू होने से अब यूजर्स में नाराजगी और असमंजस की स्थिति है।