‘मैं घायल हूं, इसलिए घातक हूं…’ 10 महीने पहले रणवीर सिंह के साथ फिल्म ‘धुरंधर’ की घोषणा हुई थी। हाल ही में फिल्म से एक्टर्स का लीक लुक भी वायरल हुआ था, जिसे देखने के बाद फिल्म की पहली झलक का इंतजार किया जा रहा था। आज रणवीर सिंह के बर्थडे पर मेकर्स ने फैंस को जबरदस्त सरप्राइज दिया है। सरप्राइज है ‘धुरंधर’ का टीजर जिसमें एक के बाद एक एक्टर नजर आ रहे हैं। लेकिन रणवीर असली धुरंधर बने हुए हैं। टीजर के बीच में जानकारी दी गई है कि ये एक सच्ची घटना पर आधारित फिल्म है, जिसका निर्देशन ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ जैसी फिल्म बनाने वाले आदित्य धर ने किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि ये फिल्म राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के जवानी के दिनों की कहानी है। हालांकि हम इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं।
जबरदस्त टीजर
टीजर की बात करें तो ये आपके होश उड़ा देने वाला है। हर सीन और बैकग्राउंड म्यूजिक सुनने के बाद आप बस फिल्म देखने का इंतजार करेंगे। लंबे बाल, दाढ़ी, डरावना लुक, बेहतरीन एक्शन। इसे देखने के बाद आप कुछ देर के लिए एनिमल के रणबीर कपूर को भूल सकते हैं। इस टीजर में संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार भी नजर आ रहे हैं। लेकिन सबसे हैरान करने वाला लुक आर माधवन का है। छोटी सी झलक में नजर आ रहे आर माधवन गंजे लुक में नजर आ रहे हैं। इसे इस साल का सबसे बेहतरीन टीजर माना जा रहा है।
डायरेक्शन और रिलीज
आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में आ रही है। खास बात यह है कि इसी दिन प्रभास स्टारर हॉरर कॉमेडी द राजा साब भी रिलीज हो रही है। ऐसे में दो बड़े कलाकारों के बीच इतनी जबरदस्त टक्कर देखना मजेदार होने वाला है। यह फिल्म खास होने वाली है।