इंग्लैंड में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने गई भारतीय टीम के अहम सदस्य यशस्वी जायसवाल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, यशस्वी जायसवाल घरेलू क्रिकेट में मुंबई टीम में चयन के लिए उपलब्ध हैं, क्योंकि मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की शीर्ष परिषद ने अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के अनुरोध को वापस लेने को मंजूरी दे दी है। मुंबई क्रिकेट के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने सोमवार को एक बयान में कहा कि यशस्वी जायसवाल हमेशा से मुंबई क्रिकेट का गौरव रहे हैं। हमने जायसवाल के एनओसी वापस लेने के आवेदन को स्वीकार कर लिया है। वह आगामी घरेलू सत्र में मुंबई के लिए उपलब्ध रहेंगे। दरअसल, बाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने अप्रैल में गोवा के लिए खेलने का अनुरोध किया था। इसके लिए उन्होंने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मांगा था। हालांकि, यशस्वी जायसवाल ने एक महीने बाद ही अपने अनुरोध को वापस लेने की जानकारी एमसीए को दी। इन सभी बदलावों के बीच, उनके शुरुआती अनुरोध के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है, हालांकि रिपोर्टों के अनुसार, यशस्वी जायसवाल नेतृत्व की भूमिका चाहते थे। ऐसे में वह मुंबई के अलावा किसी दूसरी टीम के लिए खेलना चाहते थे।
यशस्वी जायसवाल ने क्या कहा?
यशस्वी जायसवाल ने गोवा के लिए खेलने का अपना फैसला बदलते हुए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को एक ईमेल भेजा। उस ईमेल में उन्होंने एनओसी वापस लेने का अनुरोध किया और इस सीजन में मुंबई के लिए खेलने की अनुमति मांगी।