Home मनोरंजन रंगमंच पर वापसी कर रहे अनुपम खेर, नए नाटक ‘जाने पहचाने अनजाने’...

रंगमंच पर वापसी कर रहे अनुपम खेर, नए नाटक ‘जाने पहचाने अनजाने’ का किया ऐलान

2
0

मुंबई, 17 मार्च (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर जल्द ही एक और नाटक लेकर आ रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को इंस्टाग्राम के जरिए आगामी नाटक ‘जाने पहचाने अनजाने’ की घोषणा की। यह एक म्यूजिकल कॉमेडी है, जो रिश्तों, पहचान और आधुनिक जीवन के मजेदार विरोधाभासों पर आधारित है।

अनुपम ने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें नाटक का पोस्टर और नाटक के साथियों की तस्वीरें शामिल हैं। उन्होंने लिखा, “हर नए दशक की शुरुआत मैं एक-एक नाटक से करता हूं। मुझे लगता है कि थिएटर ही असली अभिनय को शुरू करने का एक जरिया है। यहां मैंने सीखा कि दर्शकों की भावनाओं को कैसे समझा जाता है और कहानी को जीवंत किया जाता है।

उन्होंने आगे लिखा, “आज मुझे बहुत खुशी और गर्व हो रहा है ये घोषणा करने में कि हमारा नया म्यूजिकल नाटक ‘जाने पहचाने अनजाने’ जल्द ही मंच पर आएगा। इस नाटक को गजेंद्र अहीरे ने लिखा और निर्देशित किया है। इसे अनुपम खेर स्टूडियो ने प्रोड्यूस किया है।”

अनुपम ने बताया कि यह मंच इसलिए भी खास है, क्योंकि इसमें वे स्वरूप संपत के साथ अभिनय करते नजर आएंगे, जो बेहद प्रतिभाशाली और समझदार कलाकार हैं। अनुपम ने लिखा, “नाटक का संगीत मशहूर संगीतकार अनू मलिक ने तैयार किया है, जिनके गाने दशकों से लोगों के दिलों में बसते हैं। गीत कौसर मुनीर ने लिखे हैं। इन गीतों को शान, सुखविंदर सिंह और आनंदी जोशी जैसी असाधारण आवाज़ें जीवंत करेंगी।

अनुपम ने बताया कि इस नाटक में प्रतिभाशाली कलाकार नजर आएंगे, जिनमें मेघना मलिक, माया शर्मा, विकास रावत, श्रद्धा मंडले और हर्मन डी’सूजा जैसे कलाकार शामिल हैं। ये सभी कलाकार नाटक में हास्य, ऊर्जा और भावनात्मक गहराई जोड़ेंगे। उन्होंने लिखा, “‘जाने पहचाने अंजाने’ उन रिश्तों की कहानी है जो बाहर से परिचित लगते हैं, लेकिन अंदर से अजनबी होते हैं। यह हंसी-मजाक, भावुक पलों और खूबसूरत संगीत से भरा हुआ है। यह नाटक दर्शकों को सोचने पर मजबूर करेगा और साथ ही मनोरंजन भी देगा।”

अनुपम खेर ने कहा कि रंगमंच पर लौटना हमेशा घर लौटने जैसा लगता है और मैं आप सभी के साथ इस नए सफर को साझा करने के लिए बेहद उत्साहित हूं। प्रीमियर की तारीखें जल्द ही घोषित की जाएंगी।

–आईएएनएस

एनएस/वीसी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here