बॉलीवुड की सबसे मशहूर कॉमेडी फ्रेंचाइजी में से एक ‘हाउसफुल 5’ इस समय बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है। नकारात्मक समीक्षा और आलोचना के बावजूद फिल्म पहले ही हफ्ते में 100 करोड़ क्लब में शामिल हो गई है। इतना ही नहीं, रिलीज के पांचवें दिन इसका कलेक्शन ₹111.25 करोड़ तक पहुंच गया, जिससे यह साल की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों में से एक बन गई है। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हाउसफुल 5’ ने मंगलवार (पांचवें दिन) को करीब ₹10.75 करोड़ का कलेक्शन किया। अब तक कितने कलेक्शन किए हैं:
- पहला दिन (शुक्रवार) ₹24 करोड़
- दूसरा दिन (शनिवार) ₹31 करोड़
- तीसरा दिन (रविवार) ₹32.5 करोड़
- चौथा दिन (सोमवार) ₹13 करोड़
- पांचवां दिन (मंगलवार) ₹10.75 करोड़ (अनुमानित)
कुल कलेक्शन (5 दिन) ₹111.25 करोड़
‘हाउसफुल 5’ की सबसे दिलचस्प बात यह है कि फिल्म दो वर्जन (5A और 5B) में रिलीज हुई है। दोनों वर्जन का क्लाइमेक्स अलग-अलग है, जो दर्शकों को एक नया अनुभव देता है। आपको बता दें कि पांचवें दिन 5A वर्जन की ऑक्यूपेंसी 20.66% रही, जबकि 5B वर्जन की ऑक्यूपेंसी 12.78% दर्ज की गई। फिल्म में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, फरदीन खान, डिनो मोरिया, संजय दत्त, चंकी पांडे, जॉनी लीवर, जैकलीन फर्नांडीज, नरगिस फाखरी, नाना पाटेकर, जैकी श्रॉफ, चित्रांगदा सिंह और सोनम बाजवा समेत 18 से ज्यादा स्टार्स हैं। तरुण मनसुखानी द्वारा निर्देशित इस फिल्म की कहानी एक क्रूज शिप पर आधारित है, जहां एक मर्डर मिस्ट्री को सुलझाया जा रहा है।
‘ठग लाइफ’ से टक्कर
‘हाउसफुल 5’ का सीधा मुकाबला साउथ सुपरस्टार कमल हासन और मणिरत्नम की फिल्म ‘ठग लाइफ’ से है। इस गैंगस्टर ड्रामा में सिलंबरासन टीआर, त्रिशा, अली फजल और रोहित सराफ जैसे स्टार्स हैं। हालांकि, क्रिटिक्स से मिली तारीफों के बावजूद ‘ठग लाइफ’ अभी तक ‘हाउसफुल 5’ की रफ्तार नहीं पकड़ पाई है।
अब 150 करोड़ क्लब पर नजर
‘हाउसफुल 5’ की ओपनिंग शानदार रही है और अब दर्शकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या फिल्म जल्द ही 150 करोड़ क्लब में शामिल हो पाएगी। अगर यही सिलसिला जारी रहा तो मुश्किल नहीं होगी।