मुंबई, 17 दिसंबर (आईएएनएस)। हॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता और निर्देशक रॉब रेनर और उनकी पत्नी व फोटोग्राफर मिशेल सिंगर रेनर की हत्या की खबर ने हलचल मचा दी है। इस मामले में उनके 32 वर्षीय बेटे निक रेनर को गिरफ्तार किया गया है और उन पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर के दो गंभीर आरोप लगाए गए हैं। यह घटना न केवल हॉलीवुड, बल्कि पूरे अमेरिका में चर्चा का विषय बन गई है।
निक रेनर को रविवार को ही हिरासत में ले लिया गया था। बताया जा रहा है कि उनके माता-पिता के शव उनकी बहन रॉमी रेनर ने लॉस एंजेलिस स्थित घर में पाए। पुलिस ने कहा कि दोनों के शव पर चाकू से हमले के निशान थे। निक रेनर पर डबल मर्डर का आरोप और हथियार के इस्तेमाल के आरोप के तहत केस दर्ज किया गया है।
लॉस एंजेलिस काउंटी के जिला अटॉर्नी नाथन हॉकमैन ने कहा कि रॉब रेनर सबसे लोकप्रिय फिल्म निर्देशकों में से एक थे। उनके और उनकी पत्नी मिशेल की हत्या ने सभी को हिला कर रख दिया है। पारिवारिक हिंसा से जुड़े मामलों में मुकदमा चलाना हमारे लिए सबसे मुश्किल और दिल दहला देने वाला होता है, क्योंकि ये अपराध बहुत करीबी और अक्सर क्रूर होते हैं।
निक रेनर को कोर्ट में पेश नहीं किया गया। उनके वकील एलन जैकसन ने बताया कि निक को अभी मेडिकल क्लीयरेंस नहीं मिला है, इसलिए वह बुधवार तक कोर्ट में उपस्थित नहीं होंगे। इस बीच, यह केस अमेरिका और हॉलीवुड में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
इस दुखद घटना पर कई सितारों और प्रसिद्ध लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि रेनर ने अपनी जिंदगी को उद्देश्यपूर्ण तरीके से जिया। उन्होंने रॉब रेनर की फिल्मों और टीवी शोज में योगदान की सराहना की और बताया कि उनके काम के पीछे हमेशा मानवता रही है।
रॉब और मिशेल रेनर के दोस्तों ने भी एक संयुक्त पत्र लिखा, ”हम उन्हें हमेशा याद करेंगे। उन्होंने अपना जीवन दूसरों की भलाई और समाज के सुधार के लिए समर्पित किया।”
–आईएएनएस
पीके/एएस








