Home मनोरंजन रोहित शेट्टी फायरिंग केस: पुणे से आशाराम फसले गिरफ्तार, शूटर को हथियार...

रोहित शेट्टी फायरिंग केस: पुणे से आशाराम फसले गिरफ्तार, शूटर को हथियार मुहैया कराने का आरोप

1
0

मुंबई, 5 फरवरी (आईएएनएस)। जुहू इलाके में मशहूर फिल्म निर्माता और निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच लगातार जांच कर रही है और अब इसमें एक के बाद एक नए खुलासे सामने आ रहे हैं। इस कड़ी में, क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने इस केस में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, इस आरोपी को पुणे से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का नाम आशाराम फसले बताया जा रहा है। आरोप है कि इसने शूटर को बंदूक मुहैया कराई थी। इस गिरफ्तारी के साथ मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गुरुवार को इन सभी पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उन्हें रिमांड पर लेने की मांग करेगी।

गौरतलब है कि इससे पहले जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, उनकी पुलिस कस्टडी की अवधि आज समाप्त हो रही है।

हालांकि, रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग करने वाला मुख्य शूटर अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में मुंबई क्राइम ब्रांच की कई टीमें अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही हैं। माना जा रहा है कि शूटर शहर छोड़कर बाहर भाग चुका है।

रोहित शेट्टी के घर पर हमला योजना के तहत किया गया था। आरोपियों ने कई दिनों तक उनके घर और आसपास के इलाके की रेकी की थी। इसके बाद सही मौके का इंतजार किया गया और फिर गोलियां चलाई गईं। वारदात के बाद शूटर तेजी से वहां से फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में उसे स्कूटी से भागते हुए देखा गया था, जिसके आधार पर पुलिस ने अपनी जांच को आगे बढ़ाया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी पुणे से लाई गई थी और इसके पीछे कई लोगों की भूमिका थी। कुछ आरोपियों का काम सिर्फ स्कूटी को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाना था, जबकि कुछ लोग पूरे ऑपरेशन की प्लानिंग और पैसों के इंतजाम में शामिल थे। हालांकि, गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि निशाना रोहित शेट्टी का घर होगा।

फायरिंग की इस घटना के बाद रोहित शेट्टी की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। उनके घर के बाहर और आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

–आईएएनएस

पीके/एएस

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here