Home मनोरंजन वाइस एडमिरल संजय साधु बने युद्धपोत उत्पादन के नए नियंत्रक, अशोक पंडित...

वाइस एडमिरल संजय साधु बने युद्धपोत उत्पादन के नए नियंत्रक, अशोक पंडित बोले- ‘भारत माता की जय’

3
0

मुंबई, 30 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना के अधिकारी वाइस एडमिरल संजय साधु ने रविवार को औपचारिक रूप से नौसेना के युद्धपोत उत्पादन और अधिग्रहण नियंत्रक का पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर फिल्म निर्माता-निर्देशक और इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर यूनियन के अध्यक्ष अशोक पंडित ने उन्हें बधाई दी।

यह भारतीय नौसेना के लिए सबसे महत्वपूर्ण पदों में से एक है, क्योंकि इसी विभाग के तहत देश में बनने वाले सभी युद्धपोत, पनडुब्बी और हथियारबंद जहाजों के निर्माण और खरीद की पूरी जिम्मेदारी होती है।

इस मौके पर अशोक पंडित गर्व से भरे और उत्साहित नजर आए। उन्होंने संजय साधु को बधाई देने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया।

अपनी खुशी को इंस्टाग्राम हैंडल पर जाहिर करते हुए अशोक पंडित ने संजय साधु की तस्वीर भी पोस्ट की और उन्हें दिल से बधाई देते हुए लिखा, “वाइस एडमिरल संजय साधु को बहुत-बहुत बधाई। आपको और हमारे बहादुर सैनिकों को और ताकत मिले। यह हमारे परिवार के लिए एक शानदार पल है। वंदे मातरम। भारत माता की जय। जय हिंद।”

वाइस एडमिरल संजय साधु इससे पहले नौसेना के उप प्रमुख के पद पर तैनात थे। अब वह स्वदेशी युद्धपोत कार्यक्रम को तेजी देने के साथ-साथ आने वाले प्रोजेक्ट और एयरक्राफ्ट कैरियर जैसे प्रोजेक्ट्स की देखरेख करेंगे।

वाइस एडमिरल संजय जसजीत साधु साल 1987 में भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे। वह मैकेनिकल इंजीनियरिंग में एमटेक और रक्षा अध्ययन में एमफिल हैं। 38 साल के शानदार करियर में उन्होंने आईएनएस विराट, आईएनएस ब्रह्मपुत्र जैसे बड़े युद्धपोतों पर काम किया। रूस से आए विमानवाहक पोत विक्रमादित्य को लाने और तैयार करने में भी उनकी बड़ी भूमिका रही।

उन्होंने मुंबई, विशाखापत्तनम और कारवार के नौसेना डॉकयार्ड संभाले, पनडुब्बी डिजाइन में भी योगदान दिया और पूर्वी-पश्चिमी दोनों नौसेना कमानों में तकनीकी प्रमुख रहे। इतना सम्मान बहुत कम अधिकारियों को मिलता है। राष्ट्रपति उन्हें अति विशिष्ट सेवा पदक और नौसेना पदक से सम्मानित कर चुके हैं।

–आईएएनएस

एमटी/एबीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here