Home मनोरंजन विवादों से घिरी रही, फिर भी बॉक्स ऑफिस पर मचाया तूफान! 15...

विवादों से घिरी रही, फिर भी बॉक्स ऑफिस पर मचाया तूफान! 15 करोड़ में बनी फिल्म ने छाप डाले 302 करोड़, अब जीते 2 नेशनल अवॉर्ड

1
0

कुछ फिल्मों की कहानी का मकसद सिर्फ़ लोगों का मनोरंजन करना ही नहीं, बल्कि दर्शकों के दिलो-दिमाग पर गहरी छाप छोड़ना भी होता है। 2 साल पहले ऐसी ही एक फिल्म रिलीज़ हुई थी, जिसने एक बेहद संवेदनशील मुद्दे को न सिर्फ़ उजागर किया, बल्कि उसे गहराई से उठाया भी। इस फिल्म का बजट बेहद मामूली था, लेकिन फिल्म की ज़बरदस्त कमाई ने लोगों को हैरान कर दिया। इस फिल्म को देखने दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी, जबकि यह फिल्म लगातार विवादों में रही और विरोध का भी सामना करना पड़ा। यह फिल्म एक क्राइम ड्रामा थी। दो साल बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी के बाद अब इस फिल्म ने दो राष्ट्रीय पुरस्कार जीते हैं। यह कौन सी फिल्म है और इसकी कहानी क्या है, आइए आपको बताते हैं।

निर्माताओं का क्या दावा था, जिससे विवाद खड़ा हो गया?

‘द केरल स्टोरी’ मई 2023 में रिलीज़ हुई थी। इसका निर्देशन सुदीप्तो सेन ने किया है और विपुल अमृतलाल शाह इसके निर्माता हैं। यह फिल्म एक विवादास्पद और चर्चित विषय पर आधारित है और इसकी कहानी ने समाज और राजनीति में काफ़ी बहस छेड़ दी थी। फिल्म की शुरुआत में दावा किया गया था कि केरल की लगभग 32,000 लड़कियों को कट्टरपंथी बनाकर ISIS में भर्ती किया गया है। हालाँकि, इस दावे पर काफी विवाद हुआ। कई लोगों और राजनीतिक दलों ने फिल्म पर झूठ फैलाने और इस्लामोफोबिया बढ़ाने का आरोप लगाया। कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक दुष्प्रचार बताया, खासकर क्योंकि फिल्म चुनाव के समय रिलीज़ हुई थी। केरल सरकार और अन्य संगठनों ने इसके आंकड़ों पर सवाल उठाए और इसे भ्रामक बताया।

फिल्म की कहानी

फिल्म में अदा शर्मा मुख्य भूमिका में थीं। उन्होंने शालिनी का किरदार निभाया था, जिसका धर्म परिवर्तन करके उसे फातिमा बना दिया गया था। योगिता बिहानी फिल्म में सिद्धि ईदनानी की भूमिका में थीं। सोनी बलानी का किरदार भी फिल्म में अहम था। फिल्म की मुख्य कहानी शालिनी उन्नीकृष्णन नाम की एक लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है। वह एक हिंदू लड़की है जो केरल में रहती है और नर्स बनने का सपना देखती है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे शालिनी और उसकी कुछ साथी लड़कियों को धीरे-धीरे कट्टरपंथी इस्लामी संगठन (ISIS) की विचारधारा में बहकाया जाता है। उन्हें इस्लाम धर्म अपनाने के लिए मानसिक रूप से प्रभावित किया जाता है। फिर उन्हें कथित तौर पर ISIS में भर्ती किया जाता है और सीरिया जैसे देशों में भेज दिया जाता है। शालिनी अपनी ज़िंदगी की त्रासदी और दर्द बयां करती हैं कि कैसे उनका ब्रेनवॉश किया गया और वे एक आतंकवादी संगठन का हिस्सा बन गईं। उन्हें वहाँ से निकलने की कोशिश करते हुए दिखाया गया है।

फिल्म की कमाई

‘केरल स्टोरी’ सिर्फ़ 15 करोड़ के बजट में बनी थी। तमाम विवादों के बावजूद, फिल्म ने 20 गुना ज़्यादा कमाई की है। फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 302 करोड़ रुपये रहा, जबकि भारत में फिल्म ने 286.5 करोड़ रुपये की कमाई की है। इन आंकड़ों ने इस फिल्म को ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर बना दिया। इस फिल्म ने उस दौर में इतनी कमाई की जब बॉलीवुड की हालत खस्ता थी। अब फिल्म को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ छायांकन के लिए दो राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here