एशिया कप शुरू होने में अब ज़्यादा समय नहीं बचा है। यह टूर्नामेंट 9 सितंबर से शुरू होगा, जिसमें सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम की कमान संभालेंगे। उनके डिप्टी शुभमन गिल होंगे। माना जा रहा है कि एशिया कप के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप में भी खेलेगी। इससे पहले, खबर आ रही थी कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भारतीय टीम का मेंटर बना सकता है। अब पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने इस बारे में बयान दिया है।
बीसीसीआई ने धोनी को ऑफर दिया? मनोज तिवारी की प्रतिक्रिया
दरअसल, क्रिकब्लॉगर ने बीसीसीआई के एक सूत्र के हवाले से दावा किया था कि बोर्ड ने महेंद्र सिंह धोनी को मेंटर की भूमिका का ऑफर दिया है। रिपोर्ट में कहा गया था कि बीसीसीआई अपनी सभी राष्ट्रीय टीमों – सीनियर, जूनियर और संभवतः महिला टीम – में धोनी की भागीदारी चाहता है। हालाँकि, अभी तक दोनों पक्षों की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है। इस पूरे मामले में पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने कहा, ‘क्या उन्होंने (धोनी ने) फोन उठाया? क्योंकि उनसे फ़ोन पर संपर्क करना मुश्किल है… पहली बात तो ये है कि वो इस भूमिका को स्वीकार करेंगे या नहीं… एक कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर उनका अनुभव काफ़ी काम आएगा, क्योंकि आज जो नए खिलाड़ी उभर रहे हैं और भारतीय टीम के स्टार बन रहे हैं, वो उनका बहुत सम्मान करते हैं। एमएस धोनी और गौतम गंभीर की जोड़ी भी देखने लायक होगी। बता दें कि धोनी को टी20 विश्व कप 2021 के लिए भारतीय टीम का मेंटर बनाया गया था।
धोनी का अनुभव काम आ सकता है
#WATCH | Kolkata | On BCCI reportedly offering mentor role to former Indian cricket team captain MS Dhoni ahead of T20 World Cup 2026, former Indian Cricketer & West Bengal Minister, Manoj Tiwary, says, “… Did he pick up the phone? Because it is difficult to reach him on the… pic.twitter.com/EvayGz8tUe
— ANI (@ANI)
August 30, 2025
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि बोर्ड का मानना है कि उनका मार्गदर्शन भारतीय क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को आकार देने में अहम भूमिका निभा सकता है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, ‘धोनी को फिर से भारतीय क्रिकेट का मेंटर बनने का प्रस्ताव दिया गया है।’
अपनी कप्तानी में तीन आईसीसी खिताब जीत चुके
कैप्टन कूल के नाम से मशहूर धोनी भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। रांची के रहने वाले धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत को 2007 टी20 विश्व कप, 2011 वनडे विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जिताई थी। धोनी भारत के इकलौते ऐसे कप्तान हैं जिनकी कप्तानी में टीम ने तीन आईसीसी खिताब जीते हैं। इसके अलावा, उनके नेतृत्व में भारत ने 2010, 2016 में एशिया कप का खिताब भी जीता। धोनी ने 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ भारत के लिए पदार्पण किया था।
2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास
धोनी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिए लगभग पाँच साल हो गए हैं। धोनी ने भारत के लिए अपना आखिरी मैच 2019 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में खेला था। भारत वह मैच हार गया था और टूर्नामेंट से बाहर हो गया था। इसके बाद धोनी ने भारत के लिए कोई मैच नहीं खेला और फिर 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया।








