Home मनोरंजन शशि कपूर की पुण्यतिथि पर जैकी श्रॉफ ने किया दिवंगत अभिनेता को...

शशि कपूर की पुण्यतिथि पर जैकी श्रॉफ ने किया दिवंगत अभिनेता को सलाम

3
0

मुंबई, 4 दिसंबर (आईएएनएस)। अपने चेहरे की मुस्कान और अदाकारी से लोगों के दिलों में राज करने वाले शशि कपूर की पुण्यतिथि गुरुवार को है। बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

जैकी श्रॉफ ने अपने इंस्टाग्राम पर उनकी वीडियो पोस्ट की, जिसके साथ उन्होंने लिखा, “शशि कपूर की पुण्यतिथि पर उन्हें याद कर रहा हूं। आप हमारे दिल में हमेशा रहेंगे।”

बाल कलाकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाले शशि कपूर बाकी कपूर से थोड़ा अलग रहते थे। वे भारत के पहले ऐसे एक्टर थे, जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ब्रिटिश और अमेरिकी फिल्मों में भी काम किया। इनमें हाउसहोल्डर, शेक्सपियर वाला, बॉम्बे टॉकीज, और हीट एंड डस्ट जैसी फिल्में शामिल हैं।

उन्होंने हिंदी सिनेमा में भी कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया, जिसके लिए उन्हें कई पुरस्कारों से सम्मानित भी किया जा चुका है।

अभिनेता को कला-सिनेमा में उनके योगदान के लिए भारत सरकार द्वारा पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। 2015 में उन्हें 2014 दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिससे वे पृथ्वीराज कपूर और राज कपूर के बाद भारतीय सिनेमा में सर्वोच्च पुरस्कार प्राप्त करने वाले अपने परिवार के तीसरे सदस्य बन गए।

उन्होंने फिल्मों के साथ-साथ थिएटर भी किया है। इस दौरान उनकी मुलाकात गोदफ्रे की बेटी जेनिफर से हुई थी। उन्होंने जेनिफर के साथ कई नाटकों में हिस्सा लिया। इसी बीच दोनों की दोस्ती हुई और फिर प्यार परवान चढ़ा, और कहते हैं कि शशि ने 20 साल की उम्र में ही जेनिफर से शादी कर ली थी।

दोनों के तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा कुनाल कपूर है, जो कि एक्टर व ऐड डायरेक्टर हैं, जबकि दूसरे बेटे करन कपूर मुख्य रूप से फोटोग्राफर व पार्ट-टाइम एक्टिंग कर रहे हैं। वहीं, सबसे छोटी बेटी संजना कपूर है, जो कई समय से मुंबई में मौजूद पृथ्वी थियेटर को संभाल रही हैं।

लंबी बीमारी के बाद उनका निधन 4 दिसंबर 2017 को कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में हुआ था और उनकी मृत्यु का कारण लीवर सिरोसिस बताया गया था।

–आईएएनएस

एनएस/एएस

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here